
अभी कोहरे से नहीं मिलेगी राहत, तापमान भी सामान्य से कम रहेगा
Sultanpur News - सुलतानपुर में मौसम सर्द बना हुआ है। दिन में धूप है लेकिन रात में कोहरा और पछुआ हवा लोगों को परेशान कर रही है। किसानों का कहना है कि यह मौसम गेहूं की फसल के लिए लाभकारी है। चिकित्सक भी लोगों को गर्म कपड़े पहनने और ताजा भोजन का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं।
सुलतानपुर, संवाददाता। जिले में मौसम लगातार सर्द बना हुआ है। दिन में धूप हो रही है, लेकिन रात में कोहरा व पछुआ हवा लोगों को कांपने पर मजबूर कर दे रही है। अभी मौसम में किसी प्रकार के सुधार के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि यह मौसम रबी की मुख्य फसल गेहूं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। रविवार को सुबह करीब नौ बजे के बाद धूप खिली। लोग घरों से बाहर निकले। गृहणियों ने छतों पर जरूरी काम निपटाए। पार्कों में चहल-पहल देखी गई। शाम होते ही फिर से धुंध छाने लगी। इस दौरान चलने वाली पछुआ हवा ने एक बार फिर से लोगों को अलाव के करीब ला दिया।
लोग गर्म कपड़ों से लदे नजर आए। किसानों की मानें तो यह मौसम फसलों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रहा है। अगर दिन में भी कोहरे का असर रहता तो फूल वाली फसलों को कुछ नुकसान हो सकता था, लेकिन दिन में हो रही धूप भी फसलों को फायदा पहुंचा रही है। हालांकि सर्दी के इस मौसम में सेहत के साथ किसी प्रकार की लापरवाही घातक साबित हो सकती है। चिकित्सकों के अनुसार दिन में भी घर से निकलने वाले लोग गर्म कपड़े पहन कर निकलें। ताजा भोजन व गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। अयोध्या के कुमारगंज स्थित आचार्य नरेन्द्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सिसय रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 90 व न्यूनतम 65 प्रतिशत फीसदी रही। इस दौरान करीब दो किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तरी पश्चिमी हवा चल रही है। आने वाले 24 घंटे में सुबह के समय कोहरा छाए रहने, औसत तापमान सामान्य से नीचे रहने एवं हवा सामान्य गति से पश्चिमी चलने की संभावना है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




