Sultanpur News: साल दर साल जर्जर होता गया शाहीपुल,जिम्मेदार बेखबर
Sultanpur News: दोस्तपुर के सुलतानपुर-अम्बेडकरनगर सीमा पर स्थित 500 साल पुराना मुगलकालीन शाहीपुल जर्जर हो रहा है। पुल की सड़क खस्ताहाल है और दीवारें दरक रही हैं। जिम्मेदार विभाग मरम्मत के लिए गंभीर नहीं हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के बाद आवागमन बढ़ गया है, लेकिन स्थिति जस की तस है।

Sultanpur News: दोस्तपुर संवाददाता कस्बे में सुलतानपुर-अम्बेडकरनगर सीमा पर स्थित करीब 500 साल पुराना मुगलकालीन शाहीपुल साल दर साल जर्जर होता जा रहा है। पुल की सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है तो किनारों की दीवारें भी जगह-जगह दरक रही हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग इसकी मरम्मत को लेकर गंभीर नहीं हैं। इससे पुल से गुजरने वाले लोगों पर हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है।
पुल की स्थिति
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बनने के बाद शाहीपुल से आवागमन और बढ़ गया है। इसके बावजूद वर्षों से पुल की हालत सुधारने की ठोस पहल नहीं हुई। दो जिलों की सीमा पर होने के कारण इसकी जिम्मेदारी को लेकर विभागों में असमंजस बना हुआ है। नतीजा यह है कि हर साल दुर्गापूजा से पहले गड्ढे भरकर मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति कर दी जाती है और कुछ समय बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है।
स्थायी मरम्मत की आवश्यकता
कुछ वर्ष पहले तेज बारिश में पुल का किनारा बह गया था। इसके बाद भारी वाहनों के आवागमन पर रोक की बात कही गई थी। लेकिन दोनों ओर ओवरहेड बैरियर नहीं होने से बड़े वाहन अब भी पुल से गुजर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे से पहले पुल की जिम्मेदारी तय कर इसकी स्थायी मरम्मत कराई जाए और भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाई जाए।

