पांच जिगरी दोस्त एक साथ यूपी पुलिस में बने सिपाही, बिना कोचिंग ऐसे पाई सफलता
यूपी के बस्ती जिले में एक ही गांव के पांच जिगरी दोस्तों ने एक साथ पुलिस भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल कर सिपाही बन गए हैं। खास यह है कि पांचों ने बिना कोचिंग आपस में ही एक दूसरे की पढ़ाई में मदद की और जो लक्ष्य तय किया उसे लक्ष्य हासिल कर सके हैं।

मन में पक्का इरादा, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन हो तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इस बात को पूरी तरह सच साबित कर दिखाया है यूपी के बस्ती के दुबौलिया विकास क्षेत्र स्थित नांदेकुआं गांव के पांच जिगरी दोस्तों ने। एक ही गांव के रहने वाले इन पांचों युवाओं ने उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में एक साथ सफलता का परचम लहराकर न सिर्फ अपने परिवारों को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गए हैं।
नांदेकुआं गांव निवासी अंकेश सत्यम दुबे (पुत्र कृष्ण कुमार), आदर्श द्विवेदी (पुत्र कृष्ण कुमार द्विवेदी), दीपक दुबे (पुत्र शिवाकांत दुबे), आदित्यनाथ दुबे उर्फ उत्कर्ष दुबे (पुत्र महात्मा प्रसाद दुबे) और रोहित प्रजापति (पुत्र शिवप्रसाद प्रजापति) बचपन के गहरे मित्र हैं। प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक अलग-अलग विद्यालयों से पढ़ाई पूरी करने के बावजूद इनकी दोस्ती और लक्ष्य हमेशा एक रहा।
पढ़ाई के बाद नौकरी की बारी आई और प्रतियोगी परीक्षाओं का दौर शुरू हुआ तो पांचों ने किसी बड़े शहर या महंगे कोचिंग संस्थान में जाने के बजाय गांव में ही रहकर तैयारी करने का फैसला किया। उन्होंने आपस में एक 'ग्रुप स्टडी' (समूह) बनाया और रोज घंटों एक साथ बैठकर पढ़ाई शुरू की। नोट्स बनाए और आपस में साझा करते हुए प्रश्नों का अभ्यास करने लगे।
मेहनत रंग लाई, गांव में जश्न का माहौल
मेहनत रंग लाई और पांचों का एक साथ सेलेक्शन हो गया। यह खबर परिवार और गांव में पहुंची तो खुशी की लहर दौड़ गई। पांचों के एक साथ कांस्टेबल बनने पर पूरे नांदेकुआं गांव में ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ जश्न का माहौल बन गया। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि इन युवाओं ने सिद्ध कर दिया है कि सीमित साधनों के बावजूद लगन और मेहनत करने का जुनून हो तो गांव के साधारण परिवेश से भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
अपनी सफलता का श्रेय पांचों दोस्तों ने अपने माता-पिता के आशीर्वाद, गांव के कुछ गुरुजनों के मार्गदर्शन और आपस की एकजुटता को दिया है। उनका कहना है कि एक साथ बैठकर पढ़ाई करने और एक-दूसरे का मनोबल बढ़ाने की रणनीति ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। अब ये पांचों दोस्त जल्द ही पुलिस ट्रेनिंग के लिए रवाना होंगे।
अन्य छात्रों को मिलेगी प्रेरणा
गांवों वालों का मानना है कि इन पांचों की सफलता गांव के अन्य युवकों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। अन्य युवक भी इनकी तरह तैयारी करके पुलिस और अन्य सरकारी सेवाओं में भर्ती होने की कोशिश अब तेज करेंगे।

