यूनिवर्सिटी की छात्रा से रेप करने वाला दरोगा सस्पेंड, ऐक्शन में आए SSP ने गिरफ्तारी को लगाई टीम
उत्रत प्रदेश के मेरठ में छात्रा से रेप करने वाले दरोगा ललित मोहन को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया है। आरोपी के खिलाफ भावनपुर थाने में रेप का मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी ने गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी है।

उत्तर प्रदेश के मेरठ में चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय की छात्रा से रेप करने वाले दरोगा ललित मोहन को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया है। आरोपी के खिलाफ भावनपुर थाने में रेप का मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी दरोगा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगा दी गई है। फरार आरोपी की टीम तलाश कर रही है। पीड़िता के बयान कराने के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर, आरोपी गिरफ्तारी से बचने को हाइकोर्ट पहुंच गया है और गिरफ्तारी स्टे लेने का प्रयास कर रहा है।
रायबरेली निवासी ललित मोहन 2023 बैच का दरोगा है। वह वर्तमान में मेडिकल थाने की तेजगढ़ी चौकी पर तैनात था। विवि में स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की छात्रा ने बताया कि उसकी शामली निवासी सहेली ने कुछ माह पूर्व दरोगा से परिचय कराया था। दरोगा ने मोबाइल नंबर लिया और उनमें दोस्ती हो गई। छात्रा ने बताया कि करीब दो सप्ताह पहले वह डिग्री लेने विश्वविद्यालय परिसर आई थी। दरोगा ने उससे मुलाकात की और शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद उसे रेस्टोरेंट ले जाने का झांसा देकर कार में बैठाया और साथी दरोगा के फ्लैट पर ले गया। यहां आरोपी ने यौन शोषण किया। इसके बाद उसने शादी से इंकार कर दिया।
मुकदमा होते ही फरार हुआ दरोगा
पीड़िता ने 14 अगस्त को एसएसपी अविनाश पांडेय को मामले की जानकारी दी। एसएसपी ने भावनपुर थाने में दरोगा के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद आरोपी छुट्टी लेकर चला गया और तब से गैरहाजिर है। पीड़िता का आरोप है कि उसे बयान के लिए थाने बुलाया गया, जहां उस पर समझौते का दबाव बनाया गया। इसके बाद वह बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची और पूरा मामला बताया।
अब शादी के लिए बना रहा दबाव
दुष्कर्म के मुकदमे में समझौता कराने के लिए दो दिन पहले आरोपी का परिवार युवती के घर शामली पहुंचा। परिवार के लोगों ने दरोगा से युवती की शादी कराने का प्रस्ताव रखा, लेकिन युवती ने इसे ठुकरा दिया। युवती का कहना था कि आरोपी ने मुकदमे से बचने के लिए शादी की योजना बनाई है।
विभागीय जांच भी शुरू कराई गई
एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि दरोगा ललित के खिलाफ शिकायत मिली थी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं, जांच एसएसआई को दी गई है। आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया है और विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है। गिरफ्तारी के लिए टीम भी लगाई गई है। अन्य सबूतों के साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाने के लिए कहा गया है।

