दारोगा ने अपराधी के साथ मनाया बर्थडे, पुलिस चौकी में काटा केक, वीडियो वायरल

हिन्दुस्तान, प्रमुख संवाददाता, मेरठ
Follow us on Google News
share

मेरठ की जाकिर कॉलोनी चौकी में तैनात दरोगा अंकित का जन्मदिन मनाने और केक काटने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में आपराधिक मुकदमों वाले अब्दुल रहमान के साथ दरोगा नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर सीओ कोतवाली को जांच सौंपी है।

मेरठ पुलिस एक बार फिर सवालों के घेरे में है। लोहिया नगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी चौकी में तैनात एक दरोगा का कुछ युवकों के साथ जन्मदिन मनाने और केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में दरोगा के साथ एक ऐसा युवक भी नजर आ रहा है, जिसके खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू करा दी है।

अपराधी के साथ दारोगा ने मनाया बर्थडे

बताया जा रहा है कि जाकिर कॉलोनी चौकी पर दरोगा अंकित तैनात हैं। अगस्त में कुछ दिन पहले उनका जन्मदिन था। इसी दौरान चौकी परिसर में कुछ युवकों के साथ जन्मदिन मनाया गया और केक काटा गया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है।

पुलिस चौकी में कटा केक

वीडियो में दरोगा अंकित के साथ अब्दुल रहमान नाम का युवक भी दिखाई दे रहा है। बताया गया है कि अब्दुल रहमान के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। वह खुद को एआईएमआईएम का महानगर सचिव भी बताता है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आपराधिक मुकदमों वाले व्यक्ति के साथ पुलिस चौकी के अंदर दरोगा का इस तरह जन्मदिन मनाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

अब्दुल रहमान पर कई मुकदमे

मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों तक पहुंची तो वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया। सीओ कोतवाली को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है। जांच में अब्दुल रहमान के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि भी हुई है। पुलिस अब वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

वीडियो वायरल पर सीओ को सौंपी जांच

अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग के अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि जन्मदिन का आयोजन चौकी परिसर में किन परिस्थितियों में हुआ और उसमें शामिल लोगों का दरोगा से क्या संबंध था। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने कहा, "वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। जांच में दरोगा के साथ मौजूद अब्दुल रहमान के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है।"

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsदारोगा ने अपराधी के साथ मनाया बर्थडे, पुलिस चौकी में काटा केक, वीडियो वायरल