पेपर लीक के खिलाफ लखनऊ में भी छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस से नोंकझोंक, धक्का-मुक्की
सोमवार को एक तरफ दिल्ली के जंतर-मंतर से छात्रों-युवाओं ने संसद मार्च निकालने की कोशिश की तो वहीं लखनऊ में भी कई छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया। लखनऊ विश्वविद्यालय में समाजवादी छात्र सभा और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन चौक से हजरतगंज तक मार्च निकालने का प्रयास किया।

Students Protest against paper Leak: नीट पेपर लीक के चलते शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को एक तरफ दिल्ली के जंतर-मंतर से छात्रों-युवाओं ने संसद मार्च निकालने की कोशिश की तो वहीं लखनऊ में भी कई छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया। दिल्ली का संसद मार्च कॉकरोच जनता पार्टी और सोनम वांगचुक के आह्रवान पर था तो लखनऊ में विश्वविद्यालय के समाजवादी छात्र सभा और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन चौक से हजरतगंज तक मार्च निकालने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने बीच रास्ते में बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों के माध्यम से इको गार्डन भेज दिया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। कार्रवाई के दौरान छात्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे और अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शन के बाद छात्रों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि लगातार पेपर लीक, परीक्षा संबंधी अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, एनटीए को भंग कर नई परीक्षा प्रणाली लागू करने, नई शिक्षा नीति-2020 वापस लेने, पेपर लीक और शिक्षा क्षेत्र में भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई और सभी छात्रों के लिए सस्ती, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। छात्रों का आरोप था कि भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य संकट में है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
पुलिस ने जंतर-मंतर खाली कराया
सोमवार की सुबह कॉकरोज जनता पार्टी के आह्वान पर छात्रों-युवाओं ने दिल्ली में जंतर मंतर से संसद तक मार्च निकालने की कोशिश की। सुबह से शाम तक चले प्रदर्शन के दौरान कई बार पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। प्रदर्शन को देखते हुए संसद की सुरक्षा बढ़ा दी गई। मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की भी खबर है। दिन पर चले प्रदर्शन और खींचतान के बाद शाम पांच बजे तक पुलिस ने जंतर-मंतर खाली करा लिया।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

