Hindi NewsUP NewsStray dogs wreak havoc Amethi 11 people bitten on third day 52 attacked so far
यूपी में आवारा कुत्तों की दहशत, दो जिलों में 17 लोगों को काटा, तीन दिन में 58 लोगों पर हमला

यूपी में आवारा कुत्तों की दहशत, दो जिलों में 17 लोगों को काटा, तीन दिन में 58 लोगों पर हमला

संक्षेप:

यूपी में इन दिनों आवारा कुत्तों के हमले से दहशत फैली हुई है। आए दिन ये कुत्ते किसी ने किसी पर हमला बोल दे रहे हैं। अमेठी और सीतापुर में कुत्तों ने सबसे ज्यादा आतंक मचाया है। दोनों जिलों में 17 लोगों को कुत्ते काट चुके हैं।

Dec 13, 2025 09:08 pm ISTDinesh Rathour अमेठी
share Share
Follow Us on

यूपी में इन दिनों आवारा कुत्तों से दहशत फैली है। आए दिन कुत्ते किसी न किसी पर हमला बोल दे रहे हैं। शाम होते ही कुत्ते सबसे ज्यादा खूंखार हो जा रहे हैं। सीतापुर और अमेठी में आवारा कुत्ते 17 लोगों को काट चुके हैं। तीन दिन के अंदर दोनों जिलों में ये कुत्ते 58 लोगों पर हमला बोल चुके हैं। अमेठी की बात करें तो यहां लगातार तीन दिन से कुत्ते लोगों पर हमला बोल रहे हैं। कुत्तों के हमले के चलते लोगों ने घरों से निकलना तक बंद कर दिया है। कुत्तों की दहशत के चलते छोटे-छोटे बच्चों को भी लोग अकेला छोड़ने से डर रहे हैं। गुरुवार को 18 और शुक्रवार को 23 लोगों को कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया था। इसके बाद शुक्रवार देर शाम से शनिवार तक 11 और लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो गए। तीन दिनों में अब तक कुल 52 लोग घायल हो चुके हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए शुकुलबाजार सीएचसी में भर्ती कराया गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

लगातार हो रहे हमलों के कारण लोग बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने नहीं दे रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुधीर वर्मा ने बताया कि सभी घायलों को एंटी-रैबीज इंजेक्शन लगाया गया है और अस्पताल में दवाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुत्ते के काटने या खरोंच की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचें। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि पशुपालन विभाग और बीडीओ को पत्र भेजकर कुत्तों के हमले में घायल लोगों के नाम व पते की सूची भेजी जा रही है। वहीं आवारा कुत्तों के हमले के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल नियंत्रण अभियान चलाने की मांग की है।

कुत्ते के हमले में घायल

रमन सिंह पूरे लोहांगी, मुद्गल माझी भट्टा श्रमिक पूरे शुकुलन, सत्यनाम अहमदपुर, शक्ति सिंह मनिकापुर, केदारनाथ मकदूमपुर कला, राजेश्वर पूरे दुनिया, जमुना बूबूपुर, विजय शुक्ला डीडीहा, सूरज टेवसी, अभय गुप्ता शुकुल बाजार तथा अभय निवासी पूरे निरंजन कुत्ते के हमले में घायल हुए हैं।

बोले जिम्मेदार

बीडीओ अंजलि सरोज ने बताया कि आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को लेकर मामला गंभीर है। संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पशुपालन विभाग के सहयोग से आवारा कुत्तों को पकड़ने और नियंत्रण के लिए कार्रवाई शुरू की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

सीतापुर में कुत्ते ने बुजुर्ग समेत छह को दौड़ाकर काटा

सीतापुर जिले के महोली में कुत्तों का आतंक है। नेरी गांव निवासी कृष्णकांत शुक्रवार को घर के बाहर चारपाई डालकर बैठे थे। वह पानी पीने के लिए उठे ही थे तभी अचानक आए कुत्ते ने उनके पैर पर झपट्टा मारकर काट लिया। मदद के लिए कृष्णकांत चीख पुकार मचाने लगे। शोर सुनकर बहू संगीता भागकर बाहर आई, तो ससुर कृष्णकांत की हालत देख वह बचाने के लिए दौड़ी तो कुत्ते ने उनके हाथ में काट लिया। आसपास के लोगों ने एकजुट होकर कुत्ते को भगाया। इसके बाद कुत्त ने भागकर कुछ दूरी पर खेल रहे पड़ोसी मोहित के दो वर्षीय बेटे यश मिश्रा को भी काट लिया। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने कुत्ते को दौड़ाया तो पास में खेल रहे छब्बा के चार वर्षीय पोते के हाथ में भी काट लिया। इसके बाद कुत्ते ने पास से गुजर रहे तीन अन्य लोगों को भी काट लिया। इसके बाद कुत्ता भागकर दूसरे गांव चला गया। आसपास के लोगों की मदद से सभी लोग सीएचसी गए। जहां से कृष्णकांत को जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहीं, अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। कृष्णकांत को भी एआरवी लगवाने के बाद जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार क्षेत्र में कुत्ते काटने की घटनाएं हो रही हैं , पर जिम्मेदार कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour
दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। डिजिटल और प्रिंट जर्नलिज्म में 13 साल से अधिक का अनुभव है। लंबे समय तक प्रिन्ट में डेस्क पर रहे हैं। यूपी के कानपुर, बरेली, मुरादाबाद और राजस्थान के सीकर जिले में पत्रकारिता कर चुके हैं। भारतीय राजनीति के साथ सोशल और अन्य बीट पर काम करने का अनुभव। इसके साथ ही वायरल वीडियो पर बेहतर काम करने की समझ है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |