आवारा कुत्तों की दहशत, चार साल की मासूम बच्ची को नोच-नोचकर खा गए
मुरादाबाद में सोमवार देर शाम कुत्तों के झुंड ने एक बच्ची को नोच-नोचकर मार डाला। घटना के समय बच्ची घर के पास खेल रही थी, तभी कुत्तों का झुंड उसे घसीटकर तालाब के पास ले गया। जब तक परिजन पहुंचे, कुत्तों ने बच्ची का पैर नोच कर खा गए थे।

यूपी के मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां डिलारी थाना क्षेत्र के गांव काजीपुरा में सोमवार देर शाम कुत्तों के झुंड ने चार वर्षीय बच्ची को नोच-नोचकर मार डाला। घटना के समय बच्ची घर के पास खेल रही थी, तभी कुत्तों का झुंड उसे घसीटकर तालाब के पास ले गया। जब तक परिजन पहुंचे, कुत्तों ने बच्ची का पैर नोच कर खा गए थे।
गांव निवासी नौशाद की चार साल की बेटी मुरसद उर्फ लड्डू सोमवार शाम बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। तभी कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। अन्य बच्चे भाग गए, लेकिन मासूम मुरसद कुत्तों के चंगुल में फंस गई। कुत्ते उसे तालाब की ओर खींच ले गए। परिजनों ने तलाश करते तालाब की ओर पहुंचे तो देखा कि चार-पांच कुत्ते बच्ची को नोच रहे थे। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। एसओ डिलारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी। हालांकि, परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से मना कर दिया है।
अमरोहा में भी मासूम पर झपटा कुत्तों का झुंड, बचाया
उधर, अमरोहा के मोहल्ला पचदरा में रास्ते पर जा रहे बच्चे पर करीब एक दर्जन आवारा कुत्तों ने हमला बोल दिया। हमले में जमीन पर गिरे मासूम की चीख पुकार सुन दौड़े लोगों ने कुत्तों से छुड़ाकर जान बचाई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद लोगों में रोष फैल गया। वहीं दूसरा मामला सोमवार दोपहर आवास विकास कालोनी में सामने आया। जहां साइकिल से जा रहे बच्चे पर कुत्तों ने हमला बोल दिया। लोगों ने दौड़कर किसी तरह बच्चे की जान बचाई।
सिद्धार्थनगर में हिंसक हो चुकेके कुत्ते, तीन दिन में पांच बकरियों को काटा
उधर सिद्धार्थनगर के कुत्ते इन दिनों काफी हिंसक हो गए हैं। कुत्तों की संख्या में भी भारी इजाफा हुआ है। पिछले तीन दिनों के अंदर शहर के एक ही मोहल्ले की पांच बकरियों को कुत्तों ने काट लिया। दो की मौत हो गई है। कुत्तों के आतंक से लोग इतना परेशान हैं कि डर से बच्चों को बाहर नहीं भेज रहे हैं। पालिका प्रशासन कुत्तों के पकड़ने का अभियान तो चलाता है लेकिन उनकी संख्या कम होने की नाम नहीं ले रही है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें


