UP: जब पत्नी ने सुनी पति की आत्महत्या की खबर, उठाया ये खतरनाक कदम
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में सिटी की चौक कोतवाली क्षेत्र में एक रिश्तेदार के घर पुवायां के जुझारपुर गांव के विजय मिश्रा ने आग लगा ली। रिश्तेदार उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डाक्टरों ने प्राथमिक...
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में सिटी की चौक कोतवाली क्षेत्र में एक रिश्तेदार के घर पुवायां के जुझारपुर गांव के विजय मिश्रा ने आग लगा ली। रिश्तेदार उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद विजय को बरेली रेफर कर दिया। वहां एक निजी अस्पताल में विजय की मौत हो गई। जब इस बात की जानकारी विजय की पत्नी सरिता को हुई तो उसने भी तेल डाल कर खुद को आग लगा ली। जिला अस्पताल में भर्ती सरिता की हालत नाजुक बनी हुई है। मामला पति-पत्नी के बीच आपसी मनमुटाव का बताया जा रहा है।
विजय मिश्रा की उम्र 35 वर्ष थी। वह नाहिल गांव के अरुण त्रिपाठी का ट्रक चलाता था। रविवार को विजय मिश्रा धान लोड करने के लिए पीलीभीत जिले के बिलसंडा की किसी मिल में गया और वहां ट्रक छोड़कर शाहजहांपुर अपनी रिश्तेदारी में चला गया। रात करीब 12 बजे विजय के परिवार वालों को उसका एक्सीडेंट होने की सूचना मिली। इसके बाद करीब तीन बजे विजय द्वारा आग लगा लेने की सूचना मिली, लेकिन इस बात की जानकारी उसकी पत्नी सरिता को नहीं दी गई।
सोमवार सुबह विजय की बरेली के एक अस्पताल में हुई मौत की सूचना उसकी पत्नी सरिता ने सुन ली और वह रोने लगी। इसके बाद सरिता दौड़कर कमरे में गई। अंदर से कुंडी बंद की और मिट्टी का तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। उसकी चीख-पुकार की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
ग्रामीणों ने दरवाजा खोल किसी तरह सरिता के शरीर में लगी आग को बुझाया, फिर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी होने पर सीओ पुवायां समेत तमाम पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अपनी पड़ताल की। सीओ पुवायां एमएस रावत का कहना है कि आशंका जताई जा रही है कि पति-पत्नी के बीच कोई विवाद हुआ। विजय ने शहर में किसी रिश्तेदार के घर आग लगा ली। जानकारी होने पर उसकी पत्नी ने भी आग लगा ली।
वह नहीं तो हम जीकर क्या करेंगे
पति विजय की गलत आदतों को लेकर उसकी पत्नी सरिता अक्सर उसे समझाती रहती थी, जिस कारण दोनों के बीच लड़ाई हो जाती थी, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर एक-दूसरे से बोलने लगते थे। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच ज्यादा मनमुटाव चल रहा था, लेकिन सरिता अपने पति का ध्यान रखती थी।
बताया जा रहा है कि रविवार को दोनों के बीच कहासुनी हुई। विजय चला गया। सरिता उसका इंतजार करती रही, लेकिन सोमवार सुबह जब उसे पति की मौत की सूचना मिली तो वह गली में खड़ी होकर रोने लगी। बोली: अब हम जीकर क्या करेंगे। इसके बाद कमरे में गई और आग लगा ली।
सास ने की बहू की सलामती की दुआ
जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में मुन्नी बेसुध बैठी हुई थी। आग से झुलसी बहू सरिता की सलामती की दुआ कर रही थी। वह कह रही थीं कि बेटे ने तो जिंदगी भर का दर्द दे दिया, लेकिन बहू सही सलामत रहे। वहीं, परिवार के लोगों ने मुन्नी को दिलासा दिया। धैर्य रखने के लिए कहा। दूसरी ओर सरिता के मायके वाले उसकी हालत को देख रो पड़े। नाती को सीने से लगा लिया। साथ ही अनहोनी की आशंका जताई।
पुलिस ने की पड़ताल शुरू
आग से झुलसे विजय की बरेली में हुई मौत की खबर सुनकर सरिता ने आग लगा ली। इसके बाद सीओ पुवांया अपनी टीम के साथ सरिता के घर पहुंचे। गांव के लोगों से बातचीत की। दरोगा ने चारपाई पर बैठे विजय के पिता ओमप्रकाश से बारीकी से पूछताछ की। घटनास्थल की फोटोग्राफी की और वीडियो बनाई। साथ ही अन्य पहलू पर भी अपनी पड़ताल शुरू की। पुलिस का कहना है कि शहर में जिसके घर आग लगाई। वह कौन है। उससे क्या रिश्तेदारी है। विजय उनके घर किस समय पहुंचा। कैसे आग लगाई। इस सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जाएगी।