ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशअभी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, यूपी में मानसून की झमाझम बारिश के लिए करना होगा इंतजार

अभी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, यूपी में मानसून की झमाझम बारिश के लिए करना होगा इंतजार

यूपी में पूर्वी हिस्सों के अलावा प्रदेश के अन्य इलाकों के लोगों को मानसून की झमाझम बारिश के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम निदेशक जे.पी.गुप्त के अनुसार पूर्वांचल से मानसून के...

अभी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, यूपी में मानसून की झमाझम बारिश के लिए करना होगा इंतजार
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊ Fri, 19 Jun 2020 09:25 AM
ऐप पर पढ़ें

यूपी में पूर्वी हिस्सों के अलावा प्रदेश के अन्य इलाकों के लोगों को मानसून की झमाझम बारिश के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम निदेशक जे.पी.गुप्त के अनुसार पूर्वांचल से मानसून के आगे बढ़ने में अभी कुछ और समय लगने के आसार हैं। फिलहाल इस बीच प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मगर अभी 21 जून तक प्रदेश में भारी बारिश होने के आसार कम ही हैं।

 बुधवार की शाम से लेकर गुरुवार की सुबह के बीच अम्बेडकरनगर, रायबरेली, फतेहपुर, बाराबंकी समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक 7 सेंटीमीटर बारिश चुर्क में रिकार्ड की गई। इसके अलावा कानपुर, बाराबंकी में 5-5, कर्वी, अयोध्या, हण्डिया, कैसरगंज, फतेहपुर में 3-3, बांसी, पट्टी, दुद्धी, मऊ, प्रयागराज, कोरांव और छतनाग में 2-2 से.मी.बारिश दर्ज की गई।

गुरुवार को लखनऊ और आसपास के इलाकों में घनी बदली छाई रही। पुरवा हवा के ठण्डे झोंके भी चलते रहे। इस बदली और बारिश की वजह से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में दिन व रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 से 21 जून के बीच प्रदेश पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ ही बारिश हो सकती है। 


आकाशीय बिजली से प्रदेश में छह लोगों की मौत
गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली ने छह लोगों की जान ले ली और  कई अन्य झुलस गए। वज्रपात से अम्बेडकरनगर के दुलहुपुर में दरगाह पर आए दो जायरीनों की, फतेहपुर में ललौली और थरियांव इलाकों में दो मजदूरों की, लखनऊ के निगोहा के गरीबखेड़ा में एक व्यक्ति की और बाराबंकी  में एक मजदूर की मौत हो गई। रायबरेली में बिजली गिरने से पशु चरा रहे पांच बच्चे झ़लस गए। लखनऊ में भी एक ही परिवार के चार लोग झ़लस गए। हिटी. 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें