ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशकेवल सात घंटे में वाराणसी से दिल्ली, वंदेभारत की स्पीड बढ़ने से यात्रियों को मिलेगा फायदा

केवल सात घंटे में वाराणसी से दिल्ली, वंदेभारत की स्पीड बढ़ने से यात्रियों को मिलेगा फायदा

वाराणसी से दिल्ली की दूरी आने वाले समय में सात घंटे में पूरी हो सकेगी। वंदेभारत ट्रेन की वाराणसी और प्रयागराज के बीच रफ्तार बढ़ेगी। 120 की स्पीड से ट्रायल के बाद अधिकारियों ने संकेत दिए हैं।

केवल सात घंटे में वाराणसी से दिल्ली, वंदेभारत की स्पीड बढ़ने से यात्रियों को मिलेगा फायदा
Yogesh Yadavहिन्दुस्तान,वाराणसीThu, 08 Sep 2022 03:13 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

बनारस-प्रयागराज रूट से चलने वाली वंदेभारत समेत दिल्ली की ट्रेनों की गति अगले साल तक बढ़ने की संभावना है। प्रयारागज से बनारस के बीच रेल लाइन का दोहरीकरण दिसंबर तक पूरा होने के बाद वंदेभारत की गति 110 किमी प्रति घंटे से बढ़ाकर 130 किमी प्रति घंटे कर दी जाएगी। ट्रेन की रफ्तार बढ़ने से दिल्ली का सफर और कम समय में पूरा होगा। अभी वंदेभारत आठ घंटे में दिल्ली पहुंचाती है। 

प्रयागराज-बनारस रूट पर 121 किमी तक दोहरीकरण और विद्युतीकरण कार्य का आखिरी चरण बाकी रह गया है। अब तक बनारस से रामनाथपुर रेलवे स्टेशन तक 114 किमी का काम पूरा हो चुका है।  प्रयागराज के रामबाग स्टेशन तक शेष काम दिसंबर तक करा लिया जाएगा। इसके बाद रूट की गति क्षमता 130 किमी प्रति घंटे कर दी जाएगी।

इस संबंध में रविवार को महाप्रबंधक ने दोहरीकरण कार्य के निरीक्षण के साथ ज्ञानपुर से बनारस स्टेशन तक गति परीक्षण भी किया। वर्तमान में प्रयागराज-बनारस रूट पर 110 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति से ट्रेनें चल सकती हैं। 

घंटे भर कम हो सकता है वंदेभारत का समय

ट्रैक की गति क्षमता बढ़ने के बाद वंदेभारत एक्सप्रेस का समय करीब घंटे भर तक कम हो सकता है। प्रयागराज से बनारस के बीच आधे से पौन घंटे तक का अंतर आयेगा। इन दोनों स्टेशनों के बीच ट्रेन अभी डेढ़ घंटे का समय लेती है। वहीं, प्रयागराज से कानपुर के बीच भी गति बढ़ाने पर मंथन चल रहा है। 

गोरखपुर मेन लाइन होगी 130 किमी प्रति घंटे

प्रयागराज के अलावा बनारस से गोरखपुर की मुख्य लाइन की गति क्षमता भी बढ़ाई जा रही है। वर्तमान में 110 किमी प्रति घंटे है, जिसे 130 किमी प्रति घंटे किया जाएगा। वहीं बनारस-छपरा रूट पर पर गति 100 से 110 किमी प्रति घंटे किया जा रहा है। मऊ-शाहगंज, छपरा कचहरी-थावे, वाराणसी-प्रयागराज एवं गाजीपुर सिटी-औड़ीहार रेल खंड की लूप लाइनों की गति भी 15 से बढ़ाकर 30 किमी प्रति घंटा किया गया है। छपरा कचहरी-मसरख रेल खण्ड की गति 70 से बढ़ाकर 100 किमी प्रति घंटा किया गया है।

वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार के अनुसार प्रयागराज रूट पर दोहरीकरण कार्य के बाद गति क्षमता 130 किमी प्रति घंटे हो जाएगी। इससे वंदेभारत, शिवगंगा, पवन जैसी सभी महत्वपूर्ण ट्रेनों की गति बढ़ेगी। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें