ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशकांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू जेल से रिहा, बीजेपी को लिया आड़े हाथ

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू जेल से रिहा, बीजेपी को लिया आड़े हाथ

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू बुधवार शाम लखनऊ जिला जेल से रिहा हुए। जेल के बाहर मौजूद सैकड़ों कांग्रेसियों ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। जेल से बाहर निकले लल्लू...

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू जेल से रिहा, बीजेपी को लिया आड़े हाथ
हिन्दुस्तान,लखनऊWed, 17 Jun 2020 10:23 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू बुधवार शाम लखनऊ जिला जेल से रिहा हुए। जेल के बाहर मौजूद सैकड़ों कांग्रेसियों ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। जेल से बाहर निकले लल्लू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस श्रमिकों की मदद कर रही थी, दूसरे प्रदेशों से आने वाले श्रमिकों के लिए साधन मुहैया करा रही थी, ताकि उन्हें पैदल न चलना पड़े। भाजपा ने उन्हें फर्जी मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। भाजपा श्रमिक विरोधी है।

लल्लू के जेल से बाहर निकलते ही समर्थकों ने सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाईं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को हजरतगंज पुलिस ने 21 मई को गिरफ्तार कर तेलीबाग स्थित अस्थायी जेल भेजा था। वहां कोविड की जांच होने के अगले दिन जिला जेल भेज दिया गया। मंगलवार को हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी। बुधवार की शाम करीब साढ़े चार बजे रिहाई आदेश जेल पहुंचते ही जेल प्रशासन ने रिहाई की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी। शाम करीब साढ़े सात बजे अजय कुमार लल्लू को जेल प्रशासन ने रिहा कर दिया। 

जेल बाहर कांग्रेसियों का लगा हुजूम

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में जेल के बाहर शाम चार बजे से सैकड़ों कांग्रेसी पहुंच गए थे। महिलाएं भी थीं। कांग्रेसियों की भीड़ के चलते कई थाने की पुलिस और पीएसी तैनात थी। जेल का बैरियर गेट जेल प्रशासन ने बन्द करा दिया था। बाहर कांग्रेस विधायक अनुराधा मिश्रा, वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी,कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिंह,उत्तर प्रदेश कांग्रेस सेवादल के मध्य जोन अध्यक्ष राजेश सिंह काली, जिला अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान समेत सैकड़ों नेता और समर्थक मौजूद थे। जेल परिसर स्थित सर्विस लेन और मोहनलालगंज-गोसाईंगंज पर लल्लू के स्वागत में सैकड़ों चार  पहिया वाहन खड़े थे। भारी संख्या में पहुंचे वाहनों की वजह से वाहन पहुंचने से जाम की स्थिति बन गई है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें