UP Weather: प्रचंड गर्मी से अभी राहत नहीं, जानें मौसम की भविष्‍यवाणी; आगरा से गोरखपुर तक क्‍या है हाल

Apr 27, 2024 06:33 am ISTAjay Singh प्रमुख संवाददाता, लखनऊ
share

UP Weather Update: उत्‍तर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं आगरा दूसरे और वाराणसी तीसरे नंबर पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार भीषण गर्मी का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहेगा। अभी राहत मिलती नहींं दिख रही।

UP Weather: प्रचंड गर्मी से अभी राहत नहीं, जानें मौसम की भविष्‍यवाणी; आगरा से गोरखपुर तक क्‍या है हाल

UP Weather Update: गर्म पछुआ हवा और तेज धूप ने पारा चढ़ा दिया। शुक्रवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। लखनऊ में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रहा। प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं आगरा दूसरे और वाराणसी तीसरे नंबर पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार भीषण गर्मी का यह सिलसिला शनिवार को भी जारी रहेगा।

अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार गर्म रेतीले इलाकों से हो कर आ रही पछुआ हवा तापमान बढ़ाने में सहायक हो रही है। हवा की रफ्तार लखनऊ में 35 किलोमीटर प्रतिघंटा तक जा रही है। दूसरी ओर गर्मी की शुरुआत होने के साथ ही सूरज की किरणे सीधे धरती पर पड़ रही हैं। पिछले काफी समय से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए लेकिन लखनऊ में बारिश नहीं हुई। इससे धरती की सतह को ठंडा होने का मौका नहीं मिला।

लखनऊ में प्रचंड गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। धूप की तेजी सुबह से ही असर दिखाने लगी थी। 10 बजे ही तापमान 32 डिग्री के पार पहुंच गया था। दोपहर तक धूप झुलसाती महसूस हो रही थी। एक बजे तक वाहनों से अटी पड़ी रहने वाली सड़कें भी सूनी हो चलीं थीं। ज्यादातर चार पहिया वाहन ही सड़कों पर नजर आ रहे थे। हवा में भी अच्छी खासी गर्माहट थी जो कि दिन ढलने के बाद भी शाम तक जारी रही। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार फिलहाल इस प्रचंड गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। शनिवार को आसमान साफ रहेगा लेकिन दोपहर बाद हल्की बदली हो सकती है। बावजूद इसके अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रह सकता है। रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।

आगरा में हीट वेव का अलर्ट, 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है दिन का पारा
ताजनगरी आगरा में रविवार से गर्म हवाओं की गश्त शुरू होगी जो तीन दिनों तक चलेगी। मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। फिर आसमान साफ होगा गर्मी का ग्राफ बढ़ेगा। रविवार से अगले तीन दिन हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। झटके से तापमान बढ़ेगा। गर्म हवाएं भी चलेंगी। दिन का तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच पहुंच सकता है। तापमान में चार से पांच डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। रात का पारा भी दो से तीन डिग्री बढ़ जाएगा।

2.3 डिग्री बढ़ा दिन का तापमान
शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा होकर 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक होकर 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 41 दर्ज किया गया है।

दोपहर में न निकलें खूब पानी पिएं
इन दिनों दोपहर 12 से लेकर 4 बजे तक खुले में निकलना खतरनाक हो सकता है। बहुत जरूरी होने पर छाता, पानी लेकर जाएं। इसी तापमान में हीट स्ट्रोक का सबसे ज्यादा खतरा रहता है। सिर पूरा ढंके, हल्के कपड़े पहनें।

सीजन का सबसे गर्म दिन रहा शुक्रवार, प्रयागराज में  पारा 44 डिग्री के पार
मौसम के सख्त मिजाज ने प्रयागराज के लोगों को अप्रैल में ही जून की याद दिला दी है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो कि प्रदेश में सर्वाधिक रहा। प्रयागराज में यह सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। दोपहर 12 से चार बजे तक जो भी सड़क पर निकला उसे ऐसा लगा मानों गर्म हवा झुलसा देगी। इससे पहले 19 अप्रैल को जिले में दिन का पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

प्रयागराज का औसत अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस है। इस लिहाज से देखा जाए तो शुक्रवार को दिन का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। शुक्रवार को गर्मी का अहसास सुबह से ही होने लगा। सुबह 10 बजे तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दिन चढ़ने के साथ ही तपिश बढ़ने लगी। पारा 44 डिग्री पार होने के कारण दोपहर एक से चार बजे तक लू जैसे हालात रहे।

हालांकि करीब पांच बजे आसमान में बादल छाए रहने से लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। लेकिन शाम को घर-सड़क सब तपते रहे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 30 अप्रैल तक तेज धूप के साथ लू जैसे हालात बने रहेंगे। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि प्रयागराज में गर्मी का प्रकोप जारी रहने के आसार हैं।

तेज हवा के चलते आधे घंटे तक हवा में मंडराती रही कोलकाता की फ्लाइट
कोलकाता से गोरखपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट शुक्रवार को तेज हवा के चलते हवा में मंडराती रही। करीब आधे घंटे बाद हवा की रफ्तार कम होने के बाद एटीसी ने फ्लाइट को लैंड करने की अनुमति दी। ऐसे में करीब 45 मिनट देरी से फ्लाइट एयरपोर्ट पर उतर पाई। कोलकाता से चली फ्लाइट अपने निर्धारित समय करीब 4.20 बजे गोरखपुर एयर रूट में आ गई। पायलट ने लैंडिंग करने से पहले जब एटीसी से अनुमति मांगी तो एटीसी ने तेज हवा का हवाला देकर उतरने से मना कर दिया। इस दौरान करीब 30 मिनट फ्लाइट हवा में ही चक्कर लगाती रही। सवा पांच बजे एटीसी ने हवा कम होने पर उतरने की अनुमति दी।

बनारस में लू ने किया बेहाल, पारा 43 के पार 
वाराणसी में सूरज की तपिश और लू से लोगबाग असहज होने लगे हैं। शुक्रवार को पारा फिर 43 डिग्री के पार पहुंच गया। तापमान की दृष्टि से बनारस सूबे में तीसरा सबसे गर्म जिला रहा। पहले नंबर पर प्रयागराज था और दूसरे नंबर पर आगरा। इस सीजन में बनारस का अधिकतम तापमान दूसरी बार 43 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। इससे पहले 20 अप्रैल को तापमान 43.7 डिग्री पर पहुंचा था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 30 अप्रैल तक लू का प्रकोप जारी रह सकता है। इस बीच तापमान भी 43 के आसपास रहेगा। इन दिनों बाहर निकलने पर लोगों के चेहरे झुलस रहे हैं, सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। तीखी धूप से बचने के सारे उपाय नाकाफी हो रहे हैं। गर्मी से आमजन के साथ पशु-पक्षी भी बेहाल दिख रहे हैं।

ये उपाय करें
- सभी पेय पदार्थ शरीर को तरल नहीं रखते। शराब या ज्यादा शुगर वाले पेय पदार्थ शरीर में डिहाइड्रेशन की वजह बन सकते हैं
- एक साथ ज्यादा भोजन न करें, छोटे-छोटे अंतराल पर पोष्टिक भोजन करें। हरी सब्जियों, सलाद और फलों को जरूर शामिल करें
- घरों में ठंडे कमरों से अचानक गर्मी में बाहर निकलने से पहले थोड़ी देर सामान्य तापमान में रुकें और फिर बाहर जाएं
-व्यायाम बेहद जरूरी है, लेकिन इतना पसीना न निकले कि शरीर बहुत गर्म होने लगे
- शरीर उच्च तापमान में ज्यादा परिश्रम से गर्म हो जाता है तो आपातकालीन उपचार लें

क्या होती है हीट वेव
जब तापमान 45 डिग्री या इससे अधिक हो जाए। इसके अलावा तापमान 40 डिग्री से अधिक हो, साथ ही यह सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा रहा हो तो इसे हीट वेव माना जाता है। वहीं मौसम विभाग ने दो दिन पूर्व ही लखनऊ में हीट वेव की स्थितियां बनने की चेतावनी दी थी। साथ ही मौसम को ध्यान में रखते हुए बचाव के उपाय करने का सुझाव दिया था।

ये हैं लक्षण
-शरीर का तापमान 104 डिग्री या इससे ज्यादा होना
- पसीना निकलना बंद हो जाना
- दिल की धड़कन तेज हो जाना
- दिमाग में गफलत, असंतुलन और दौरे की स्थिति

इन बातों का ध्यान रखें
- खुद को धूप से बचाने के लिए ढीले सूती कपड़े और टोपी पहनें। अगर आप बाहर जाते हैं तो कोशिश करें कि शाम तीन बजे के बाद या 11 बजे से पहले जाएं। यदि आपको दिन में बाहर जाना है तो छांव में ब्रेक जरूर लेते रहें।
-कम से कम 8 से 9 ग्लास पानी पीना चाहिए। हालांकि दिल और किडनी की बीमारी है तो इस बारे में डॉक्टर से बात जरूर कर लें।
- गाड़ी पार्क करते समय बच्चों, बुजुर्गों और पालतू जानवरों का भी ध्यान रखें।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |