UP Weather: 2 दिन तक घना कोहरा, सताएगी ठंड, ऑरेंज अलर्ट जारी, जानें मौसम विभाग की भविष्यवाणी
UP Weather Update : यूपी में अभी ठंड और सताएगी। 2 दिन तक घना कोहरा छाया रहेगा। ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

जनवरी के अंतिम दिनों में आमतौर पर दोपहर तक जैकेट उतर जाया करती है, लेकिन इस बार ठंड के तेवरों ने टोपी-मफलर भी लगाए रखने को मजबूर कर दिया है। धूप खिलने के बावजूद गलन और बर्फीली हवाएं कंपा रही हैं। 25 दिसम्बर से शुरू कोहरे के साथ भीषण ठंड का सिलसिला अब तक जारी है। मौसम विभाग ने फिर अगले दो दिन तक सुबह और शाम घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इस माह कई बार शीत दिवस की स्थिति बनी। अधिकतम पारा 11 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। जनवरी में ऐसा कम ही हुआ, जबकि तापमान 15 डिग्री पार किया हो।
अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से लगातार बना हुआ पछुआ हवा का क्रम कमजोर पड़ा है। एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे बारिश के आसार तो नहीं है लेकिन वायुंडलीय स्थिरता को तोड़ेगा। इस स्थिरता की वजह से ही कोहरे की एक परत ऊंचाई पर लगातार बनी रही थी। शनिवार को जनवरी में पहली बार साफ धूप निकली, हालांकि सुबह घने कोहरे से हुई।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार इससे धूप की गर्माहट धरती तक पहुंचेगी और तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी होगी। बीते 24 घंटों में अधिकतम पारा 20.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.2 कम रहा। न्यूनतम सामान्य से 2.3 कम 5.9 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को सुबह घना कोहरा रह सकता है। बाद में धूप निकल आएगी। अधिकतम पारा 19, न्यूनतम 7 डिग्री के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।
फरवरी की शुरुआत में हो सकती है बूंदाबांदी
एक और पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के ऊपर सक्रिय हो रहा है। इसके 31 जनवरी तक प्रभाव में आने का पूर्वानुमान है। इसके असर से यूपी के पश्चिमी हिस्से में बारिश हो सकती है। लखनऊ में बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी के आसार हैं।
कोहरे से तेजस रद्द तो फरक्का 11 घंटे लेट
भीषण ठंड में कोहरे ने ट्रेनों के रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। ट्रैक पर पायलट को 50 मीटर भी ट्रैक दिखाई नहीं दे रहा। सिग्नल साफ न दिखने पर पर ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई है। ऐसे में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक कई ट्रेनें 11 घंटे देरी से लखनऊ पहुंची। तेजस शनिवार को अचानक रद्द कर दी गई। रेलवे कंट्रोल के मुताबिक शनिवार को ट्रेन नंबर 82501/82502 तेजस लखनऊ और दिल्ली दोनों निरस्त कर दी गई। ट्रेन नंबर 13484 फरक्का एक्सप्रेस 11 घंटे देरी से लखनऊ पहुंची। 22426 वंदे भारत छह घंटे, 13258 जनसाधारण एक्सप्रेस साढ़े आठ घंटे, 20503 राजधानी एक्सप्रेस तीन घंटे, 12204 गरीब रथ दो घंटे, 12556 गोरखधाम छह घंटे, 15910 अवध आसाम ढाई घंटे की देरी से आईं। कोहरे में ट्रेनों के देरी से चलने का खामियाजा ठंड में यात्रियों को भुगतना पड़ा रहा है।
17 उड़ानें आधे से पांच घंटे तक लेट
सुबह-शाम घने कोहरे में दृश्यता 50 मीटर से कम हो जाने पर उड़ानें निरस्त करनी पड़ीं। इंडिगो एयरलाइंस ने एक्स पर यात्रियों को सचेत कर कहा कि लखनऊ में मौसम खराब होने से उड़ानों पर असर है। अनुरोध है कि उड़ान की स्थिति चेक करते रहें। शनिवार को नौ उड़ानें निरस्त हुईं। मुंबई से 135 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान लखनऊ एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी। उसे दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। 17 उड़ानें आधे से पांच घंटे तक लेट रहीं। यात्री समय से एयरपोर्ट पहुंच गए लेकिन उड़ान का अतापता नहीं था। कर्मचारी भी कुछ बताने में असमर्थ थे। घरेलू टर्मिनल के प्रस्थान हॉल में यात्रियों के बैठने तक को जगह नहीं बची थी।