UP Nikay Chunav Result: मैनपुरी नगर पालिका सीट सपा के हाथ से निकली, मुलायम-अखिलेश के इलाके में भाजपा की बड़ी सेंधमारी
मैनपुरी नगर पालिका सीट भाजपा ने जीत ली है। मुलायम-अखिलेश के इलाके में भाजपा ने बड़ी सेंधमारी की है। भाजपा की संगीता गुप्ता ने 27912 मत पाकर सपा की सुमन (22685) को 5227 वोटों से हरा दिया है।
यूपी में हुए निकाय चुनाव के सभी रिजल्ट घोषित कर दिए गए हैं। सबसे अंतिम में मैनपुरी और जौनपुर का रिजल्ट घोषित किया गया है। नगर पालिका परिषदों में सबसे आखिरी में मैनपुरी का परिणाम रविवार दोपहर घोषित किया गया। यहां भाजपा की उम्मीदवार संगीता गुप्ता ने 27912 मत पाकर अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की सुमन को हराया है। सुमन को 22685 मत मिले। यहां कुल नौ उम्मीदवारों में बसपा की रेखा पांडेय चौथे स्थान पर पहुंच गईं, जबकि निर्दलीय नेहा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
मैनपुरी को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उनके प्रतिनिधित्व वाली मैनपुरी संसदीय सीट पर हालिया उपचुनाव में बहू और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने भारी बहुमत से चुनाव जीता था। ऐसे में मैनपुरी नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पर भाजपा की जीत को यादव परिवार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार की देर शाम मतगणना में हो रही देरी को लेकर ट्वीट भी किया था। उन्होंने लिखा था कि मैनपुरी में अब भी मतगणना जारी है… धीरे हुई है या धीरे की जा रही है? उन्होंने इसके पहले एक अन्य ट्वीट में आरोप लगाया था कि उप्र में भाजपा चुनाव जीतने के लिए अपने हर पैंतरे का इस्तेमाल कर रही है। हारती जगहों पर मतगणना धीमे करवा रही है। कुल वोट से अधिक गिनती होने पर तकनीकी गलती बता रही है। अधिकारियों पर दबाव डालकर मनमाने तरीके से फिर से गणना करवा रही है। भाजपा फरेबी मतगणना से जीत रही है, मतदान से नहीं।
अखिलेश ने इससे पहले गोरखपुर की काउंटिग को लेकर भी सवाल खड़े किए। लिखा कि गोरखपुर में डाले गये वोटों से ज़्यादा वोट गिने जाने की धांधली की ख़बर पर चुनाव आयोग तत्काल संज्ञान लेकर मतगणना की सत्यता को जांचे और गलत पाये जाने पर रिकाउंटिंग करवाए। रिकाउंटिंग की मांग करते हुए गोरखपुर में सपा प्रत्याशी काजल निषाद ने हंगामा भी काटा। बाद में प्रशासन ने इसे तकनीकी खामी बताते हुए सबकुछ सही होने की बात कही और रिकाउंटिंग की मांग खारिज कर दी थी।
करीब 30 घंटे बाद जौनपुर और रामपुर के परिणाम
आयोग के अनुसार, जौनपुर जिले की नगर पंचायत खेतासराय सीट पर सपा के वसीम अहमद ने 4215 मत पाकर चुनाव जीता जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रुपेश को 4151 मत मिले। सपा-भाजपा की कांटे की इस टक्कर में एआईएमआईएम तीसरे स्थान पर रही जबकि बसपा पांचवे स्थान पर खिसक गयी। चौथा स्थान निर्दलीय उम्मीदवार का है।
इसके अलावा, रामपुर जिले में एक नगर पंचायत के वार्ड सदस्य का भी परिणाम घोषित हो गया है। सबसे आखिरी में रामपुर में 88 नगर पंचायत सदस्यों के पद में बचे एक वार्ड सदस्य के पद पर भी परिणाम घोषित हो गया है। गौरतलब है कि उप्र में दो चरणों में चार मई और 11 मई को नगर निकाय चुनावों के लिए मतदान हुआ और 13 मई से मतगणना शुरू होकर 14 मई रविवार की दोपहर तक जारी रही।