
जौनपुर में पत्रकार की दिनदहाड़े हत्या, बदमाशों ने सरेआम घेरकर गोलियों से भूना
जौनपुर में एक न्यूज पोर्टल के पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव को बदमाशों ने दिनदहाड़े घेरा और गोली मारकर हत्या कर दी। पत्रकार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जौनपुर में शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के इमरानगंज चौराहे से पहले सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे चार बदमाशों ने एक न्यूज चैनल के जिला संवाददाता की गोली मारकर हत्या कर दी। गोकशी की न्यूज चलाए जाने से नाराज लोगों के अंदर इतना आक्रोश था कि दो गोली सीने में व तीन गोली पेट व अन्य जगह मारकर घटना को अंजाम दिया। हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। सूचना मिलते ही सीओ समेत सर्किल के सभी थानों की फोर्स पहुंच गयी। विधायक रमेश सिंह समेत भाजपा के सैकड़ो लोग घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक मौजूद रहे।
मालूम हो कि सबरहद गांव निवासी आशुतोष श्रीवास्तव 46 वर्ष एक न्यूज चैनल के जिला संवाददाता थे। वह सोंधी ब्लाक पर रोजगार सेवक के रुप में नियुक्त थे। सूत्रों की माने तो अपने चैनल पर गोकशी के खिलाफ काफी खबरें चलाते थे। जिसको लेकर उनको अक्सर धमकी भी मिलती थी। इसकी सूचना आशुतोष ने थाने पर भी दी थी। लेकिन आज तक सुरक्षा मुहैया नहीं हो सका। कोतवाली पुलिस ने आशुतोष को आगाह भी किया था कि आपको खतरा है। इधर बीच बचकर रहे। लेकिन इसकी परवाह किए बगैर वह काम करते रहे। रोज की तरह सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपनी बुलेट से अकेले ही घर से निकले थे।
इमरानगंज बाजार से थोड़ा पहले ही एक चौराहे पर पहुंचे थे कि पहले से घात लगाए बैठ चार बदमाशों ने रोककर सीने में सटाकर दो गोली व तीन गोली शरीर के अन्य हिस्से में मारकर जौनपुर की ओर फरार हो गए। गोली चलते ही मौके पर हड़कम्प मच गया। स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस को सूचित किया। सूचना पर परिवार वाले भी पहुंच गए। आशुतोष को लेकर शाहगंज स्वास्थ केन्द्र पर पहुंचे। डाक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृत के भाई पारितोष श्रीवास्तव का आरोप है कि पुलिस से सुरक्षा की मांग की गयी थी लेकिन पुलिस नहीं दी। जिसके चलते उनके भाई की गोकशी की खबरें चलाने के कारण हत्या कर दी गयी। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। जिला मुख्यालय से पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे।

लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।
और पढ़ें



