ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशयूपी में जल्द मिलेगी सस्ती बिजली, समय पर बिल जमा करें उपभोक्ता : ऊर्जा मंत्री 

यूपी में जल्द मिलेगी सस्ती बिजली, समय पर बिल जमा करें उपभोक्ता : ऊर्जा मंत्री 

उत्तर प्रदेश को जल्द सस्ती बिजली मिलेगी। शर्त यह है कि उपभोक्ता समय पर बिल भरें। लोड से अधिक खर्च न करें। सरकार लाइन लास कम कर रही है। हर साल टैरिफ भी नहीं बढ़ेगा। यह भरोसा सूबे के ऊर्जा मंत्री...

यूपी में जल्द मिलेगी सस्ती बिजली, समय पर बिल जमा करें उपभोक्ता : ऊर्जा मंत्री 
वरिष्ठ संवाददाता,आगराTue, 25 Aug 2020 10:07 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश को जल्द सस्ती बिजली मिलेगी। शर्त यह है कि उपभोक्ता समय पर बिल भरें। लोड से अधिक खर्च न करें। सरकार लाइन लास कम कर रही है। हर साल टैरिफ भी नहीं बढ़ेगा। यह भरोसा सूबे के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने दिया है। वे मंगलवार को अनलॉक 3.0 में 'कोरोना काल में कारोबार की चुनौतियां' विषय पर हिन्दुस्तान के ई-संवाद में बोल रहे थे। ऊर्जा मंत्री और प्रदेश सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने कहा कि सस्ती बिजली के अलावा प्रदेश और ब्रजक्षेत्र में पर्यटन विकास की योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इनमें ब्रज 84 कोस की यात्रा, आगरा से मथुरा के बीच रिवर टूरिज्म, बटेश्वर, चंबल सफारी, आंवलखेड़ा के विकास की योजनाएं हैं।

आगरा में लेदर टेस्टिंग लैब भी बनेगी। इस घोषणा के बाद चीन की कंपनियां यहां कारखाने लगाने की इच्छा जता रही हैं। बिजली सुधार को 525 फीडर व्यवस्थित किए जा रहे हैं। कोविड काल में फौरी राहत के लिए उद्योगों का एक महीने का सरचार्ज माफ किया गया है। समाज कल्याण राज्यमंत्री डा. जीएस धर्मेश ने सरकारी योजनाओं के तहत मछली पालन, बटन, हथकरघा उद्योग के साथ आईटी सिटी या पार्क बनाने की योजनाओं की जानकारी दी। सांसद एसपी सिंह बघेल ने दूसरे स्मारकों के साथ ताजमहल और किला खोलने की पुरजोर वकालत की। उन्होंने पर्यटन सचिव से कहा कि इस पर काम किया जाए। पर्यटन सचिव एनजी रवि कुमार, नेशनल चैंबर आफ इंडस्ट्री एंड कामर्स के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल भी संवाद में मौजूद रहे।

बिजली उपकेंद्रों का विकास होगा

ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा का कहना है कि प्रदेश में 525 फीडरों को अलग-अलग वर्गों में बांटा गया है। गांवों में एवी कंडक्टर लगाए जा रहे हैं। 11, 132, 220 और 400 केवी उपकेंद्रों का पुनरुद्धार करने की योजना है। काम शुरू हो गया है। इससे लाइन लास रुकेगा और खपत भी कम होगी। एक बार विभाग पटरी पर आया तो बिजली की दरें कम हो सकती हैं।

आगरा वेस्ट यूपी का केंद्र, यहां बने हाईकोर्ट बेंच

आगरा। 'कोरोना काल में कारोबार की चुनौतियां' विषय पर हिन्दुस्तान की ओर से मंगलवार को आयोजित ई-संवाद में सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट खंडपीठ का मामला उठाया । उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की खंडपीठ जरूरी है। चूंकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का केंद्र आगरा है, इसलिए यहां खंडपीठ की जल्दी स्थापना होनी चाहिए ताकि जिले की अर्थव्यवस्था में सुधार हो। सांसद ने कहा कि मध्य प्रदेश में जबलपुर हाईकोर्ट की ग्वालियर और इंदौर खंडपीठ हैं। जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वादों की संख्या वहां से पांच गुना है। अपराध भी पांच गुना है। फिर भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश को हाईकोर्ट खंडपीठ से वंचित रखा जा रहा है। 

ब्रज के पर्यटन विकास की तैयार हो रही डीपीआर : एनजी

आगरा। प्रदेश के पर्यटन सचिव एनजी रवि कुमार का कहना है कि कोरोना के कारण काफी कुछ प्रभावित हुआ है, लेकिन अब धीरे-धीरे सब कुछ ढर्रे पर आने लगा है। ब्रज के पर्यटन विकास की डीपीआर तैयार की जा रही है। छह माह के अंदर ब्रज की तस्वीर बदली नजर आएगी। घरेलू पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसमें धार्मिक, अज्ञात पर्यटन स्थल पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है। आगरा में पर्यटकों के रात्रि ठहराव के लिए चंबल सफारी अैर बटेश्वर को विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। बटेश्वर के पर्यटन विकास के लिए 20 करोड़ स्वीकृत हो चुके हैं।

टैक्स व बिजली बिल में छूट पर विचार

कोरोना के कारण होटल व्यवसाय प्रभावित हुआ है। व्यवसायियों के नगर निगम के टैक्स और बिजली बिलों में छूट दिए जाने के अनुरोध पर विचार किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए पर्यटन सचिव एनजी रवि कुमार ने कहा कि अभी पर्यटक न आने से होटल भी बंद जैसी स्थिति में ही है। इसलिए होटलों को आनलाइन आर्डर के माध्यम से व्यंजनों को घर तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मथुरा की तुलसी माला और कृष्ण पोशाक को प्रोपुअर प्रोजेक्ट के माध्यम से गति प्रदान की जा रही है।

मंथन के मोती

  • मथुरा से आगरा-बटेश्वर तक रिवर टूरिज्म को विकसित किया जाएगा
  • दिल्ली से मथुरा और फिरोजाबाद को एक सर्किट के तहत जोड़ा जाएगा
  • ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण से यहां रुकेंगे पर्यटक
  • पश्चिम यूपी का केंद्र आगरा, हाईकोर्ट बेंच आगरा में जल्द स्थापित हो
  • आगरा में रात 11:00 बजे तक ताजमहल और लालकिला को खोला जाए  
  • उपभोक्ता समय पर बिल भरें, चोरी खत्म करें, मिलेगी सस्ती बिजली
  • उद्योगों को एक माह सरचार्ज की छूट, 12 लाख व्यापारियों को फायदा
  • बटेश्वर के विकास को 10 करोड़ स्वीकृति, तीर्थ स्थल बनाने पर विचार
  • आगरा में रात्रि ठहराव को चंबल सफारी, बटेश्वर को कर रहे विकसित
  • आगरा में बनेगी लेदर टेस्टिंग लैब, चीनी कंपनियां भी आने की इच्छुक
  • छोटे जूता कारीगर, दस्तकारों के लिए लेदर की साप्ताहिक मंडी शुरू होगी

  

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें