Hindi NewsUP NewsUP Ayodhya Ram Mandir Discussion From Today over Making of 14 Temple Idol and Ram Darbar
राम दरबार के विग्रहों संग 14 मंदिरों की मूर्तियों के निर्माण पर आज से मंथन

राम दरबार के विग्रहों संग 14 मंदिरों की मूर्तियों के निर्माण पर आज से मंथन

संक्षेप:

अयोध्या राम मंदिर में राम दरबार के विग्रहों के साथ 14 मंदिरों की मूर्तियों के निर्माण पर मंथन आज से होगा। राम मंदिर में निर्माणधीन काम की प्रगति समीक्षा की बैठक की तैयारी हो रही है।

Jun 03, 2024 06:37 am ISTSrishti Kunj हिन्दुस्तान टीम, अयोध्या
share Share
Follow Us on

राम मंदिर के साथ श्रीरामजन्म भूमि परिसर में निर्माणाधीन कार्यों की गति कितनी तेज है, इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि निर्माण की प्रगति समीक्षा हर सप्ताह जहां वर्चुअल रीति से हो रही है, तो भौतिक सत्यापन के साथ प्रगति समीक्षा हर पखवाड़े की जा रही है। बीते 24-25 मई को हुई भवन निर्माण समिति की बैठक के बाद एक बार फिर रविवार को भवन निर्माण समिति चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्र अयोध्या पहुंचे हैं।

महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर अपराह्न डेढ़ बजे पहुंचने के बाद वह सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे और आराध्य का दर्शन करने के उपरांत राम मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने रामलला के चरणों में अपनी श्रद्धा निवेदित की। इसके बाद निर्माणाधीन कार्यों का भी अवलोकन किया। पुनः कार्यदाई एजेंसियों एलएण्डटी व टीसीई के अभियंताओं से वार्तालाप कर वापस सर्किट हाउस लौट गये। समिति की विधिवत बैठक की शुरुआत सोमवार को होगी। पूर्वाह्न साढ़े नौ बजे से प्रस्तावित बैठक से पहले समिति के चेयरमैन मिश्र तीर्थ क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ दोबारा निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि परिसर में ही अलग-अलग सत्रों में समीक्षा बैठक होगी।

द्वितीय तल के निर्माण के साथ शिखर निर्माण की भी तैयारी: राम मंदिर में प्रथम व द्वितीय तल का निर्माण एक साथ चल रहा है। प्रथम तल का स्ट्रक्चर पूरी तरह से तैयार हो गया है जबकि द्वितीय तल के निर्माण में पत्थरों का स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। इस स्ट्रक्चर के पूरा होने के साथ शिखर निर्माण भी शुरू हो जाएगा। पिछली बैठक में द्वितीय तल का निर्माण पूरा करने के लिए अगस्त 2024 तक का लक्ष्य तय किया गया है जबकि सम्पूर्ण मंदिर के निर्माण का लक्ष्य दिसम्बर 2024 में तय किया गया है। 

भवन निर्माण समिति की सोमवार से होने वाली बैठक में अगस्त के निर्धारित लक्ष्य को लेकर निर्माण के प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस बैठक में परकोटे में निर्माणाधीन छह मंदिरों के अलावा सप्तर्षि मंडपम व शेषावतार मंदिर को मिलाकर 14 मंदिरों के निर्माण की समीक्षा के अलावा इनमें स्थापित होने वाली मूर्तियों के निर्माण पर भी मंथन किया जाएगा।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |