
अयोध्या राम मंदिर में दर्शनार्थियों के बाहर जाने के लिए बनी 80 मीटर भूमिगत टनल, निर्माण पूरा
अयोध्या राम मंदिर में दर्शनार्थियों की निकासी के लिए 80 मीटर भूमिगत टनल का निर्माण पूरा। शेषावतार मंदिर निर्माण के लिए फाउंडेशन डिजाइन तैयार हो रही। सप्त मंडपम मंदिरों में फाउंडेशन का काम पूरा हुआ।
आषाढ़ मास में सावन की रिमझिम बारिश के फुहारों के बीच राम मंदिर निर्माण की गतिविधियां यथावत चल रही है। यह जरूर है कि बारिश से काम की गति प्रभावित हुई है। इस बीच रामलला के दर्शनार्थियों की निकासी के लिए निर्माणाधीन भूमिगत टनल का निर्माण पूरा हो गया है। इस आशय का दावा मंगलवार को एल एण्डटी के परियोजना निदेशक वीके मेहता ने किया। उन्होंने बताया कि करीब 80 मीटर लंबे व करीब पांच मीटर चौड़े इस टनल से गुजर कर श्रद्धालु कुबेर टीला की ओर प्रस्थान करेंगे।
उन्होंने 'हिन्दुस्तान' से बातचीत में बताया कि कुबेर नवरत्न टीला पर शिवालय का निर्माण कार्य पूरा हो गया है और पाथ-वे का भी निर्माण हो चुका है। उन्होंने बताया कि यहां सिविल वर्क लगभग पूरा हो चुका है। अब यहां लैंड स्केपिंग के साथ प्लांटेशन का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन कामों में परकोटा का ही काम सबसे बड़ा है। फिलहाल इस परकोटे के अन्तर्गत निर्माणाधीन छह मंदिरों के समानांतर ही 14 फिट चौड़े कारीडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। एलएण्डटी के परियोजना निदेशक वीके मेहता ने बताया कि द्वितीय तल के निर्माण के बाद दोनों तलों के स्तम्भों में आइकोनोग्राफी से मूर्तियों का निर्माण कार्य शुरू होगा। उधर शेषावतार मंदिर के फाउंडेशन के डिजाइन का निर्माण हो रहा है जबकि सप्त मंडपम के फाउण्डेशन का काम लगभग पूरा हो गया है।

ये भी पढ़ें: महाकुंभ 2025: श्रद्धालुओं को एयरपोर्ट से शिविर तक पहुंचा देगा चैट बॉट, वेबसाइट से होगा इस्तेमाल
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पहुंचे अयोध्या, आज संकल्प पूरा करेंगे
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मंगलवार की देर शाम सर्किट हाउस पहुंच गये। वह बुधवार की सुबह अपने संकल्प को पूरा करने के लिए पगड़ी उतारने के साथ सिर के बाल मां सरयू को अर्पित करेंगे और फिर उनके पावन सलिल में डुबकी लगाने के उपरांत रामलला का दर्शन करेंगे। इसके पूर्व डिप्टी सीएम चौधरी के जारी कार्यक्रम के मुताबिक वह पूर्वाह्न 11 पटना से सड़क मार्ग से गोपालगंज पहुंचे और वहां समीक्षा बैठक की। पुनः कुशीनगर, गोरखपुर, संत कबीर नगर व बस्ती होते हुए अयोध्या आए।





