ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशयूपी उपचुनाव : ईवीएम में बंद हुआ 18 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, सुबह से शाम तक 52.56 प्रतिशत हुआ मतदान 

यूपी उपचुनाव : ईवीएम में बंद हुआ 18 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, सुबह से शाम तक 52.56 प्रतिशत हुआ मतदान 

बुलंदशहर सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच 52.56 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। 579 बूथों पर मतदाताओं ने मतदान किया। कहीं फर्जी मतदान तो कहीं मतदान...

यूपी उपचुनाव : ईवीएम में बंद हुआ 18 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, सुबह से शाम तक 52.56 प्रतिशत हुआ मतदान 
वरिष्ठ संवाददाता ,बुलंदशहरTue, 03 Nov 2020 07:28 PM
ऐप पर पढ़ें


बुलंदशहर सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच 52.56 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। 579 बूथों पर मतदाताओं ने मतदान किया। कहीं फर्जी मतदान तो कहीं मतदान से रोकने की शिकायतें भी कंट्रोल रूम को मिलती रहीं। शांतिपूर्ण ढंग से मतदान होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है। एडीजी राजीव सभरवाल, आईजी प्रवीण कुमार ने विधानसभा क्षेत्र में मतदान का जायजा लिया। डीएम रविन्द्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह मतदान केंद्रों पर लगातार भ्रमण करते रहे। मेरठ कमिश्नर और आईजी प्रवीण कुमार ने मतदान केंद्रों का दौरा। मतदान के साथ ही भाजपा, बसपा, कांग्रेस, रालोद-सपा गठबंधन, आसपा सहित 18 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। मतगणना 10 नवंबर को होगी। 

विदित हो कि बुलंदशहर सदर सीट के भाजपा विधायक वीरेन्द्र सिंह सिरोही के निधन से रिक्त हुई सीट पर मंगलवार को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ। सुबह 6.30 बजे मॉक पोल कराया गया। इसके बाद सुबह 7 बजे से सभी 579 बूथों पर मतदान शुरू हो गया। मतदान शुरू होने के साथ ही निर्वाचन कंट्रोल रूम को कहीं पर ईवीएम की खराबी तो कहीं पर वोट नहीं डालने देने तो कहीं पर फर्जी मतदान की सूचनाएं आनी शुरू हो गईं। इन सूचनाओं पर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार दौड़ते रहे। मतदान की शुरुआत काफी धीमी रही, हालांकि बाद में ज्यों-ज्यों पारा चढ़ता गया तो मतदान का प्रतिशत भी बढ़ा। 

पहले थर्मल स्क्रीनिंग फिर मतदान 
कोरोना काल में बूथों पर थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद ही मतदाता को बूथ में प्रवेश दिया गया। बूथ कक्ष के बाहर ही ग्लब्स दिए गए। उन्हें पहनने के बाद ही ईवीएम का बटन दबाया गया। 

मतदाता और मतदान कर्मी सभी मास्क लगाए रहे 
कोरोना काल में उपचुनाव में पोलिंग कर्मचारी मास्क लगाकर रहे। मतदाता भी मास्क लगाकर पहुंचे। सैनीटाइजर का भी प्रयोग किया गया। कोविड-19 के नियमों का पालन किया गया। 

इन बूथों पर वोट को लेकर शिकायत 
बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 11, 12,  402, 403 पर वोट डालने से रोकने की शिकायत निर्वाचन आयोग और जिला कंट्रोल रूम को मिलीं। हालांकि जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार ने आरोप को निराधार बताया है।  

सुबह से लेकर शाम तक मतदान का प्रतिशत 
सुबह 7 से 9 बजे तक           07.88 प्रतिशत 
सुबह 9 से 11 बजे तक         19.17 प्रतिशत 
सुबह 11 से दोपहर 1 बजे     28.83 प्रतिशत 
दोपहर 1 से दोपहर 3 बजे    40.03 प्रतिशत 
दोपहर 3 से शाम 5 बजे       49.77 प्रतिशत 
शाम 5 से 6 बजे तक           52.56 प्रतिशत      

मतदान शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुआ है। ईवीएम को डबल लॉक स्ट्रांग रूम में रखा गया है। सशस्त्र पुलिस बल ईवीएम की सुरक्षा में तैनात किया गया है।  
रविन्द्र कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी

शांतिपूर्ण एवं निष्पक्षता के साथ मतदान हुआ है। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। 
संतोष कुमार सिंह, एसएसपी

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें