एसएसपी अमित पाठक ने गुरुवार दोपहर बड़ागांव थाने का औचक निरीक्षण किया। विवेचनाओं के निबटारे में लापरवाही, महिला अपराध की अनदेखी और जमीन संबंधी विवाद में निर्देशों का पालन न किये जाने पर थाना प्रभारी अजीत सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। चेन स्नेचिंग व अन्य मामलों में विवेचना में लापरवाही पर दरोगा मो. अहमद को भी लाइन हाजिर कर दिया। मानीटरिंग में लापरवाही पर पुलिस अधिकारियों से भी दो दिन में जवाब तलब किया है।
एसएसपी ने बताया कि निरीक्षण और थाना प्रभारी से पूछताछ में लगा ही नहीं कि वह किसी कार्य में रुचि ले रहे हों। चेन स्नेचिंग, पास्को एक्ट, महिला अपराध के कई मुकदमों की उन्हें जानकारी तक नहीं थी। अभिलेखों का रख-रखाव ठीक नहीं था। कई विवेचनाएं लंबे समय से निबटाई नहीं गईं हैं।
बड़ागांव क्षेत्र में प्रकाश में आये भूमि विवादों के संबंध में बार-बार निर्देशों के बाद भी उसका अनुपालन नहीं किया गया। उक्त कार्य में रुचि न लिये जाने पर नाराजगी व्यक्त की। महिला अपराधों, यौन उत्पीड़न से बच्चों के संरक्षण का अधिनियम जैसे अपराधों को गंभीरता से नहीं लिया गया था। चेन स्नैचिंग व लूट जैसी घटनाओं के खुलासा में रुचि नहीं ली गई।