ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशराम मंदिर निर्माण : धन संग्रह अभियान से 47 करोड़ हिन्दुओं को जोड़ेगा ट्रस्ट

राम मंदिर निर्माण : धन संग्रह अभियान से 47 करोड़ हिन्दुओं को जोड़ेगा ट्रस्ट

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट धन संग्रह अभियान के माध्यम से 9 करोड़ 37 लाख 50 हजार हिन्दू परिवारों के 46 करोड़ 87 लाख से अधिक सदस्यों को श्रीराम मंदिर से जोड़ेगा। आरएसएस ने पूरे देश को 44...

राम मंदिर निर्माण : धन संग्रह अभियान से 47 करोड़ हिन्दुओं को जोड़ेगा ट्रस्ट
प्रयागराज वरिष्ठ संवाददाताMon, 23 Nov 2020 11:58 PM
ऐप पर पढ़ें

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट धन संग्रह अभियान के माध्यम से 9 करोड़ 37 लाख 50 हजार हिन्दू परिवारों के 46 करोड़ 87 लाख से अधिक सदस्यों को श्रीराम मंदिर से जोड़ेगा। आरएसएस ने पूरे देश को 44 प्रांतों में बांटा है। इनमें 10 रुपये के 2 करोड़ 49 लाख 25 हजार और 100 रुपये के 6 करोड़ 88 लाख 25 हजार कुल 9 करोड़ 37 लाख 50 हजार कूपन भेजे जाएंगे। अभियान से जुड़े लोगों ने एक परिवार में पांच सदस्यों का अनुमान लगाया है। ट्रस्ट के महासचिव और विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने धन संग्रह अभियान की रूपरेखा सोमवार को आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत व अन्य पदाधिकारियों के समक्ष रखी। चूंकि धन संग्रह अभियान बहुत बड़े पैमाने पर पूरे देश में चलाया जाना है इसलिए इसमें संघ और उसके अनुषांगिक संगठनों के सहयोग की भी अपेक्षा की।

गौहनिया में वशिष्ठ वात्सल्य ग्लोबल स्कूल में अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के दूसरे दिन दूसरे सत्र में अनुषांगिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों को धन संग्रह की कार्ययोजना की जानकारी दी गई। साथ ही इस अभियान में पूरे समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया गया। 25 नवम्बर से 20 दिसम्बर के बीच प्रान्तों मंढ प्रमुख सन्तों की 3 से 4 घंटे की बैठकें प्रस्तावित है। साधु-सन्त अपने शिष्यों से भी सहयोग का आह्वान करेंगे।

प्रयागराज से विदा हुए संघ प्रमुख मोहन भागवत
संघ प्रमुख मोहन भागवत दो दिनी बैठक के बाद सोमवार की रात प्रयागराज से दिल्ली चले गए। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भी सोमवार की रात दिल्ली रवानाहो गए। विहिप के केंद्रीय महामंत्री विनायकराव देशपांडे को भी बैठक में भाग लेने आना था लेकिन वे नहीं आ सके। मंगलवार को ट्रस्ट और संघ की संयुक्त बैठक के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन ऐसी कोई बैठक नहीं है।

धन संग्रह के लिए राज्य और जिले स्तर पर बनेंगी समितियां
ट्रस्ट के सुझाव के अनुसार धन संग्रह के लिए प्रत्येक राज्य में एक अस्थायी समिति का गठन दिसम्बर में होगा। समिति का नाम 'श्रीराम मन्दिर निधि समर्पण समिति होगा। समिति में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, मंत्री और सहमंत्री रहेंगे। अन्य सदस्य व अभियान प्रमुख मंत्री रहेंगे। संघ एवं अनुषांगिक संगठनों के प्रत्येक प्रांत पदाधिकारी उपाध्यक्ष और अभियान प्रमुख ( या सह प्रमुख ) समिति में सहमंत्री होगा। समिति 30-35 सदस्यों की हो सकती है। इसमें 6 या 7 प्रमुख धर्माचार्य, संघ परिवार के 6 या 7 कार्यकर्ता और सामाजिक दृष्टि से 5 या 6 लोग होंगे। कला, क्रीड़ा, साहित्य, व्यापार, उद्योग आदि विविध क्षेत्र के 12 से 15 सदस्य होंगे। ऐसे ही जिला स्तर पर भी 20 से 25 लोगों की समिति गठित होगी।

सेलिब्रिटी से संपर्क कर धन संग्रह का करेंगे प्रचार
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह को ट्रस्ट ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। प्रांत और जिले में समन्वय की बैठकें होंगी। विशेष व्यक्ति या सेलिब्रिटी से संपर्क और उसका प्रचार भी करेंगे ताकि आमजन को इस अभियान के प्रति आकर्षित किया जा सके। केन्द्रीय पत्रक का प्रादेशिक भाषा में रूपांतर करके छपवाया जाएगा। बड़े नगरों में 9 लाख से ज्यादा राशि का धनसंग्रह करने वाली 415 लोगों की टोली बनाएंगे। आवश्यक हो तो 50 लाख, एक करोड़ या ज्यादा राशि संग्रह करने वाली टीम भी बनाई जाएंगी।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें