ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशसपा-बसपा दुश्मन नहीं, उत्तर प्रदेश में पार्टी का आधार बढ़ाना है: राहुल गांधी

सपा-बसपा दुश्मन नहीं, उत्तर प्रदेश में पार्टी का आधार बढ़ाना है: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बुधवार को स्पष्ट किया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए उनकी बहन प्रियंका गांधी को कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया जाना पार्टी के आधार को राज्य में दोबारा...

सपा-बसपा दुश्मन नहीं, उत्तर प्रदेश में पार्टी का आधार बढ़ाना है: राहुल गांधी
एजेंसी,अमेठी,Wed, 23 Jan 2019 06:27 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बुधवार को स्पष्ट किया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए उनकी बहन प्रियंका गांधी को कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया जाना पार्टी के आधार को राज्य में दोबारा बनाने की योजना का भाग है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए जिस तरह से भी संभव हो समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रियंका गांधी पर है कि वह आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला करती हैं या नहीं।

पार्टी के महासचिव के रूप में प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया के नामों की घोषणा करने के बाद राहुल ने संवाददाताओं से कहा, “मैं अखिलेश जी और मायावती जी का बहुत आदर करता हूं। उन्होंने अपना गठबंधन किया है और वे हमारे शत्रु नहीं हैं। हम साथ लड़ रहे हैं। अगर बची हुई पार्टियां हमारे साथ होना चाहती हैं तो उनका स्वागत है।” उन्होंने आगे कहा कि उनकी विचारधारा (सपा और बसपा) बहुत हद तक कांग्रेस के समान है। और हमें राज्य में भाजपा को हराना है। जहां भी सहयोग संभव है, हम भाजपा को हराने के लिए सहयोग करेंगे। हम साथ काम कर सकते हैं। राहुल गांधी ने आगे कहा कि मैंने उन्हें विचारधारा का प्रसार करने के लिए उत्तर प्रदेश में एक अभियान सौंपा है, जो गरीबों और समाज के कमजोर धड़ों के लिए हमारी विचारधारा है।

यह पूछे जाने पर कि क्या प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव लड़ेंगी, राहुल ने कहा कि यह उनपर निर्भर करेगा। हम बैकफुट पर नहीं खेलने वाले हैं। हमने गुजरात में भी बैकफुट में नहीं खेला था। हम लोगों के लिए राजनीति करते हैं, इसलिए हम फ्रंटफुट पर खेलते हैं। मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं कि प्रियंका और सिंधिया उत्तर प्रदेश को वह देंगे, जिसकी जरूरत है और जो राज्य के युवा चाहते हैं। प्रियंका गांधी की नियुक्ति से उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नई सोच विकसित होगी।

प्रियंका गांधी बनीं कांग्रेस महासचिव, मिला पूर्वी UP का प्रभार

यह बताते हुए कि सिंधिया भी एक शानदार युवा नेता हैं, राहुल गांधी ने कहा कि मैं खुश हूं कि, प्रियंका जो कि काफी सक्षम हैं, वह मेरे साथ काम करेंगी। मैं निजी तौर पर बहुत खुश हूं। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए राहुल ने कहा, “मैं उत्तर प्रदेश के लोगों को यह बताना चाहता हूं कि आपने भाजपा को जनादेश देकर काफी समय बबार्द कर दिया है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बबार्द कर दिया है। उन्हें हटाइये, हम राज्य को नई दिशा देंगे और इसे नंबर एक की स्थिति में लाएंगे। मैं जाति और धर्म की बात नहीं कर रहा हूं, आपके साथ मिलकर हम आपके सपनों को पूरा करना चाहते हैं।”

राहुल का अमेठी दौरा: कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधान सम्मेलन में लोगों से बातचीत की

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें