ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशअलीगढ़ में हुई हिंसा मामले में सपा और कांग्रेस का विधानसभा से वाकआउट

अलीगढ़ में हुई हिंसा मामले में सपा और कांग्रेस का विधानसभा से वाकआउट

अलीगढ़ में हुई हिंसा का मामला सोमवार को विधानमंडल के दोनों सदनों में छाया रहा। विधान परिषद में समाजवादी पार्टी व बसपा के सदस्यों ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज किए जाने के विरोध में सदन से वाकआउट...

अलीगढ़ में हुई हिंसा मामले में सपा और कांग्रेस का विधानसभा से वाकआउट
विशेष संवाददाता,लखनऊ। Mon, 24 Feb 2020 06:57 PM
ऐप पर पढ़ें

अलीगढ़ में हुई हिंसा का मामला सोमवार को विधानमंडल के दोनों सदनों में छाया रहा। विधान परिषद में समाजवादी पार्टी व बसपा के सदस्यों ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज किए जाने के विरोध में सदन से वाकआउट किया। सरकार का कहना था कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद है। दूसरी ओर विधान परिषद में भी सपा सदस्यो ने जमकर हंगामा किया।

विधानसभा में प्रश्नकाल शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि अलीगढ़ में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया है। आंसूगैस के गोले छोड़े गए। वहां के हालात काफी खराब हैं और इस पर चर्चा कराई जाए। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि महिलाओं को पुलिस ने बुरी तरह पीटा है। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि यह मामला नियम-56 में उठा लिया जाए। अभी प्रश्नकाल हो जाने दें। 

सदन में विपक्ष के बढ़ते शोर शराबे के बीच संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि विपक्ष सदन का जरूरी समय खराब कर रहा है। नेता प्रतिपक्ष एक  मामले को कितनी बार उठाएंगे। इन विरोध प्रदर्शनों को कौन हवा दे रहा है और नए नागरिकता कानून से कौन प्रभावित हो रहा है। राम गोविंद चौधरी ने कहा कि सत्ता पक्ष सदन में चर्चा से भागना चाहता है। श्री खन्ना ने कहा कि हम चर्चा से भागना नहीं चाहते हैं। श्री चौधरी ने कहा कि प्रश्नकाल में बजट पास कराने वाले आप ही लोग हैं। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर सपा के सभी सदस्य सदन से वाकआउट कर गए। इसी के साथ ही कांग्रेस सदस्यों ने भी विरोध जताते हुए सदन से वाकआउट किया। 

दूसरी ओर अलीगढ़ की घटना को लेकर विधान परिषद में भी प्रश्नकाल के दौरान हंगामा शुरू हो गया। सपा के सदस्य सत्ता पक्ष पर तमाम आरोप लगाते हुए तत्काल सभी कार्यवाही रोककर चर्चा कराने की मांग करने लगे। इस पर सत्ता पक्ष की तरफ से नियमों का हवाला देते हुए यह पूछा जाने लगा कि यह मुद्दा किन नियमों के तहत प्रश्नकाल में उठाया जा रहा है तो विरोध में सपा के सदस्य नारेबाजी करने हुए वेल में आ गए। 

सभापति रमेश यादव द्वारा बार-बार अनुरूध के बावजूद सपा के सदस्य वापस अपनी सीट पर नहीं लौटे तो सभापति ने सदन की कार्यरवाही 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी। इससे पहले सपा के नरेश उ‌त्तम ने प्रश्नकाल के बीच सुबह 11.32 बजे अलीगढ़ में हुई हिंसा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वहां सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है पुलिस कोहराम मचाए हुई है। इस पर सत्ता पक्ष के देवेन्द्र प्रताप सिंह ने नियमों का हवाला देते हुए आपत्ति जताई तो सपा सदस्य हंगामा करने लगे। तभी अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसीन रजा भी खड़े हो गए और कहा कि विपक्ष सदन नहीं चलने देना चाहता। इसके विरोध में  सपा के सदस्य नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए। 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें