अलीगढ़ में भाजपा विधायक के बेटे की पिटाई, पुलिस ने शुरू की जांच
भाजपा के नवनिर्वाचित एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह के बेटे व उसके दोस्त को दर्जन भर युवकों ने बेरहमी से पीट पीटकर लहूलुहान कर दिया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा...

भाजपा के नवनिर्वाचित एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह के बेटे व उसके दोस्त को दर्जन भर युवकों ने बेरहमी से पीट पीटकर लहूलुहान कर दिया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश शुरू कर दी। एक आरोपी को स्थानीय लोगों ने दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
भाजपा एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह का बेटा अभय कक्षा बारह का छात्र है। वह गांधीपार्क थाना क्षेत्र के गांधीनगर में ट्यूशन पढ़ने जाता है। हर दिन की भांति मंगलवार शाम भी वह ट्यूशन पढ़ने गया था। बताया जा रहा हैं कि वह जब ट्यूशन पढ़कर अपने दोस्त के साथ लौट रहा था तो गांधीनगर में ही रास्ते में दर्जन भर युवक रास्ते को पूरी तरह घेरकर खड़े थे। अभय व उसका दोस्त बाइक से था, उसने युवकों को साइड होने व रास्ता देने के लिए कहा तो युवक उससे उलझ गये और गाली गलौच करने लगे। देखते ही देखते दोनों में कहासुनी हो गई।
अभय ने युवकों की ओर से दी जाने वाली गाली गलौच का विरोध किया तो युवकों ने उसको व उसके दोस्त को घेर लिया और बेरहमी से पिटाई की। जिसमें अभय व उसका दोस्त बुरी तरह लहूलुहान हो गया। युवक की पिटाई होता देख मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों को देखकर आरोपी युवक भागने लगे, जिसमें एक आरोपी को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही मानवेंद्र प्रताप सिंह व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया और दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया। मामले में एमएलसी की ओर से नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस देर रात तक मुकदमें की तैयारी कर रही थी। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह दबिशें दी जा रही है।
गांधीनगर में युवकों का रहता है वर्चस्व
बताया जा रहा हैं कि जिन युवकों ने एमएलसी के बेटे व उसके दोस्त को पीटा हैं, उन युवकों का गांधीनगर क्षेत्र में वर्चस्व रहता है। वह हर दिन राहगीरों से भिड़ते रहते हैं। पहले भी इस तरह के कई मामले क्षेत्र में हो चुके हैं।
सूचना मिलते ही एमएलसी के घर पर लगा जमावड़ा
घटना क सूचना मिलते ही एमएलसी के सुरेंद्र नगर स्थित घर पर जमावड़ा लग गया। विधायक शहर संजीव राजा समेत अन्य अन्य भाजपाइयों ने उनके आवास पर पहुंचकर बेटे का हाल जाना।
वर्जन-
मामले में तहरीर मिली है। करीब आठ लोग नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। एक आरोपी को स्थानीय लोगों ने ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया है।
हरिभान सिंह राठौड, इंस्पेक्टर, गांधीपार्क थाना
लेखक के बारे में
Amit Guptaअमित गुप्ता 'लाइव हिन्दुस्तान' में न्यूज एडिटर हैं।
और पढ़ें


