ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशगोरखपुर: रामगढ़ झील में बत्तख की छह प्रजातियों के पक्षियों का डेरा

गोरखपुर: रामगढ़ झील में बत्तख की छह प्रजातियों के पक्षियों का डेरा

उत्‍तर प्रदेश के पहले अधिसूचित वेटलैंड रामगढ़ ताल में ठण्डे प्रदेशों से आने वाले प्रवासी पक्षियों में बत्तख की छह प्रजातियों के पक्षियों ने डेरा डालने से झील का दृश्य मनोरम हो चुका है। हालांकि इन...

गोरखपुर: रामगढ़ झील में बत्तख की छह प्रजातियों के पक्षियों का डेरा
मुख्‍य संवाददाता ,गोरखपुर Thu, 24 Dec 2020 06:55 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्‍तर प्रदेश के पहले अधिसूचित वेटलैंड रामगढ़ ताल में ठण्डे प्रदेशों से आने वाले प्रवासी पक्षियों में बत्तख की छह प्रजातियों के पक्षियों ने डेरा डालने से झील का दृश्य मनोरम हो चुका है। हालांकि इन पक्षियों को देखने के लिए आपके पास अच्छी क्षमता के कैमरे या बायनाकुलर होना चाहिए। पयर्टकों एवं वाहनों के आवागमन के कारण होने वाले अत्यधिक शोर के कारण ये पक्षी आमतौर पर प्राणी उद्यान के पिछले हिस्से में रामगढ़ झील में दिखाई देते हैं। इन्हें प्राणी उद्यान के अंदर बने प्राकृतिक वेटलैंड में भी देखा जा सकता है।

इन पक्षियों को वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर चंदन प्रतीक ने अपने कैमरे से कैद किया। हालांकि उन्हें इस बात की पीड़ा है कि पिछले तीन साल से स्पॉट बिल्ड डक रामगढ़झील में नहीं दिख रहीं। हेरिटेज एवियंस की सदस्य डॉ सीमा मिश्रा एवं अनिल कुमार तिवारी कहते हैं कि रामगढ़ झील के आसपास पयर्टकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए झील के कुछ हिस्से को पक्षियों के लिए सुरक्षित करना होगा। ताकि वहां न केवल कुछ उथला हस्सा रहे बल्कि जलीय वनस्पतियां भी रहे। ताकि पक्षियों को सुरक्षित प्रवास एवं भोजन भी मिल सके।

गेडवॉल
गेडवॉल नर की पूछ पर काला पैच होता है। उसका शरीर सुरमई भूरे रंग का होता है। मादा भूरी एवं चित्तीदार होती है। कीड़े एवं मोलस्क (घोघा) इसका मुख्य भोजन है। पहले सदिर्यों में व्यापक रूप से दिखता था लेकिन अब इनकी संख्या कम हो रही है।

नॉर्थर्न पिनटेल
नॉर्थर्न पिनटेल का सिर चॉकलेटी एवं भूरा रंग का होता है। नर के गर्दन के पास सफेद पट्टी एवं सिर के दोनों तरफ स्लेटी रंग के ऊपर सफेद धारियां होती हैं। दुम के आगे पिन के आकार के पंख होते हैं। मादा भूरे एवं गेहूंए रंग की होती है। मुख्यतया यह शाकाहारी पक्षी है।

फेरुजिनस डक
फेरुजिनस डक के शरीर का अधिकांश भाग गहरे भूरे रंग का होता है। दुक के नीचे सफेद धब्बा एवं नर की सफेद आंखों से पहचान होती है। मादा का रंग नर से फीका एवं आंखें भूरी होती है। यह मुख्यतया शाकाहारी पक्षी है।

लेसर व्हिस्लिंग डक
लेसर व्हिस्लिंग डक, उड़ते समय विसिल करता है। सिर का ऊपरी हिस्सा गहरा भूरा, सिर व गर्दन का बाकी हिस्सा हल्का भूरा, गले के पास सफेद रंग, कंधे व पीठ का रंग गहरा भूरा, कंधे के पंख काले बदामी रंग के, पूंछ का रंग गहरा भूरा होता है। नर व मादा एक जैसे दिखते हैं।

यूरेशियन कूट या कामनकूट
यूरेशियन कूट का शरीर स्लेटी ब्लैक और चमकदार काला सर होता हैं। इनका चोंच उजाला एवं फ्रंटल शील्ड उजाला होता हैं। यह कीट और जलीय वनस्पति को भोजन के रूप में इस्तेमाल करता है।

लिटिल ग्रेब
लिटिल ग्रीब भी बत्तख की एक प्रजाति है। इसकी चोंच नुकीली होती है। शरीर भूरे रंग का होता है। इनका प्रिय भोजन मछलिया और कीड़े मकोड़े होते हैं। यह अच्छी तैराक हैं। यह पानी के अंदर भी शिकार कर लेती हैं।

और तीन साल से रुठ गई स्पॉट बिल्ड डक
स्पॉट बिल्ड डक पिछले तीन साल से रामगढ़ झील में नहीं दिखी है। यह काफी संवेदनशील पक्षी है। फोटोग्राफर चंदन प्रतीक कहते हैं कि लेकिन रामगढ़ झील के आसपास निर्माण कार्य बढ़ने के कारण उन्होंने जगह छोड़ दिया है। यह एक शाकाहारी पक्षी है जो बीज अनाज घास एवं वनस्पति को खाती है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें