ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशअयोध्या पहुंचे मोहन भागवत, संगठन का संदेश देकर बनाई भावी रणनीति 

अयोध्या पहुंचे मोहन भागवत, संगठन का संदेश देकर बनाई भावी रणनीति 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय शारीरिक प्रमुखों के अभ्यास वर्ग के तीसरे दिन सर संघ चालक मोहन भागवत कारसेवकपुरम पहुंच गये। सुबह करीब सवा आठ बजे उनकी वीवीआईपी फ्लीट परिसर में दाखिल हुई और उसके...

अयोध्या पहुंचे मोहन भागवत, संगठन का संदेश देकर बनाई भावी रणनीति 
अयोध्या। हिन्दुस्तान टीमWed, 20 Oct 2021 08:45 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय शारीरिक प्रमुखों के अभ्यास वर्ग के तीसरे दिन सर संघ चालक मोहन भागवत कारसेवकपुरम पहुंच गये। सुबह करीब सवा आठ बजे उनकी वीवीआईपी फ्लीट परिसर में दाखिल हुई और उसके बाद वह लगातार वर्ग में ही शामिल रहे। इस दौरान संघ प्रमुख ने अलग-अलग टोलियों का निरीक्षण करते हुए सभी से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनका कुशल क्षेम जाना। बौद्धिक सत्र में संगठन का संदेश देकर भावी रणनीति व उनकी भूमिका भी स्पष्ट की। वर्ग में स्वयंसेवकों का पूरा दिन उन्हीं की छत्रछाया में बीता। संगठन के सभी पदाधिकारी अभिभावक के रूप में उन्हें अपने बीच पाकर बेहद उत्साहित रहे और पूरे अनुशासन के साथ अपनी दिनचर्या भी पूरी की।

पिछले दो दिनों के मुकाबले बुधवार को मौसम का मिजाज भी दुरुस्त रहा। इसके कारण कारसेवकपुरम में अभ्यास वर्ग की प्रत्येक गतिविधियां भली प्रकार से संचालित हुई। अभ्यास वर्ग में सभी पदाधिकारियों की दिनचर्या भोर में चार बजे उनके जागरण से शुरू होकर रात्रि दस बजे उनके विश्राम तक नियत रीति से ही चलती है। इस दौरान दोनों पालियों में शाखा भी  लगाई जाती है और ध्वज प्रणाम से लेकर मां भारती की स्तुति व शारीरिक अभ्यास के अन्तर्गत योग-व्यायाम व प्राणायाम के अलावा दंड संचालन इत्यादि एवं अन्य खेल भी होते रहते हैं। सेना के बैंड की तरह मार्च पास्ट व अन्य उदघोष के अन्तर्गत विभिन्न वाद्यों बांसुरी आदि से निश्चित ध्वनि निकालने का भी अभ्यास चलता है।

अभ्यास वर्ग के दौरान शरद पूर्णिमा उत्सव भी मना, ढ़ाई कुंतल दूध से बनी खीर

आरएसएस की परम्परा में घोषित छह त्योहारों को विधि प्रकार मनाया जाता है। इन त्योहारों में सर्वप्रथम वर्ष प्रतिपदा यानि हिन्दी नववर्ष की तिथि जो कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाई जाती है। इसी तरह से छह जून को हिन्दू साम्राज्य दिवस मनाया जाता है। कहा जाता है कि छह जून 1674 को छत्रपति शिवाजी महाराज ने मराठा राज्य की स्थापना की थी। इसी तरह रक्षाबंधन, विजयदशमी, मकर संक्रांति व गुरु पूर्णिमा पर्व भी मनाया जाता है। इस सूची में शरद पूर्णिमा उत्सव शामिल न होते हुए भी संगठन ने इस त्योहार को मनाने की परम्परा रही है। इसी कड़ी में आश्विन पूर्णिमा के पर्व पर बुधवार को उत्सव मनाया गया। इस दौरान ढ़ाई कुंतल दूध से करीब एक हजार स्वयसेवकों को खीर प्रसाद वितरित किया गया।

दिन भर प्रतीक्षारत मीडिया कर्मियों को हुई भारी निराशा

संघ प्रमुख मोहन भागवत के अयोध्या आगमन को लेकर मीडिया में खासी हलचल थी जिसके कारण साकेतपुरी कालोनी स्थित संघ मुख्यालय साकेत निलयम पर मीडिया कर्मी सुबह से जमा थे। उन्हें उम्मीद थी कि सुबह शाखा में संघ प्रमुख शामिल होकर रामजन्मभूमि में विराजमान रामलला का दर्शन करने जाएंगे। संघ प्रमुख भागवत सुबह करीब आठ बजे साकेत निलयम से निकले और सीधे कारसेवकपुरम पहुंच गये। यहां मीडिया का प्रवेश वर्जित था जिसके कारण मीडिया कर्मियों को बाहर ही रुकना पड़ा। थोड़ी देर में रामजन्मभूमि ट्रस्ट महासचिव चंपत राय निकले लेकिन वह रुके नहीं बल्कि उनकी कार तेजी से आगे बढ़ गयी। उन्हें मंदिर निर्माण समिति की बैठक में शामिल होने जाना था। फिर इंतजार खत्म नहीं हुआ और शाम हो गयी। बताया गया कि संघ प्रमुख गुरुवार को रामजन्मभूमि व हनुमानगढ़ी का दर्शन करेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें