आगरा में सेक्टर स्कीम लागू, जुमे की नमाज को लेकर सतर्कता बढ़ी
जुमे की नमाज पर पिछले शुक्रवार को प्रदेश में कई जगह बवाल हुआ। इस बार नमाज के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। गुरुवार से ही सेक्टर स्कीम लागू कर दी गई।
इस खबर को सुनें
जुमे की नमाज पर पिछले शुक्रवार को प्रदेश में कई जगह बवाल हुआ। इस बार नमाज के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। गुरुवार से ही सेक्टर स्कीम लागू कर दी गई। मिश्रित आबादी क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारी तैनात किए गए हैं। ड्रोन से संवेदनशील इलाकों में छतों पर नजर रखी जा रही है। माहौल बनाने के लिए पुलिस तीन दिन से लगातार पैदल गश्त कर रही है।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस, एलआईयू, इंटेलीजेंस, डिजिटल खबरी, साइबर सेल, सर्विलांस सेल सभी को अलर्ट किया गया है। थानावार संभ्रांत लोगों की बैठकें कराई गई हैं। धर्मगुरुओं से बातचीत की गई है। बैठकों में साफ कहा गया है कि महिलाओं और बच्चों को भड़काने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुलहकुल की नगरी में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुरुवार की शाम शहरभर में पुलिस ने मिश्रित आबादी क्षेत्र में गश्त किया। पुलिस ने 107 से अधिक ऐसे स्थान चिन्हित किए हैं जहां सुबह छह बजे से पुलिस तैनात रहेगी। पुलिस को साफ निर्देश हैं कि किसी भी सूरत में भीड़ नहीं जुटने दें। कोई माहौल बिगाड़ने का प्रयास करे तो सख्ती से निपटें।
एसएसपी ने बताया कि सेक्टर स्कीम लागू है। 12-12 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। कहां क्या चल रहा है पुलिस को पल-पल की खबर मिल रही है। साइबर सेल और सर्विलांस सेल ने कई लोगों को रडार पर ले रखा है। उन्होंने कुछ भी गड़बड़ी की तो तत्काल पता चल जाएगा। किसी को भड़काने का प्रयास किया तो सबसे पहले उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि ड्रोन की मदद से मिश्रित आबादी क्षेत्रों में छतों पर क्या रखा है यह देखा गया। कुछ जगह छतों पर आपत्तिजनक चीजें रखी थीं। उन्हें हटवाया गया। माहौल गर्माता है तो सबसे पहले छतों से ही पथराव शुरू होता है। पुलिस ने छतों से पत्थर, चारपाई, डंडे, बोतल आदि सामान हटवा दिया है।
मिश्रित आबादी क्षेत्रों में ड्रोन से रखी जा रही है छतों पर नजर
लोगों को हिदायत दी गई है कि छतों पर आपत्तिजनक सामान रखा मिला तो मुकदमा लिखकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार की शाम शाही जामा मस्जिद के आसपास के इलाके में एसएसपी, एसपी सिटी विकास कुमार ने फोर्स के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। किसी के बहकावे में नहीं आएं।
पांच थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता
एसएसपी ने बताया कि मंटोला, ताजगंज, लोहामंडी, नाई की मंडी और शाहगंज इलाके में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। फोर्स पूरे शहर में लगाया गया है। पूर्व में दंगा नियंत्रण स्कीम में 107 से अधिक स्थानों को चिन्हित किया गया था। सभी जगह पुलिस तैनात रहेगी।