ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशभाजपा पर जमकर बरसे अखिलेश यादव, बोले-श्रमिकों को गुमराह करने के लिए घोषणाएं कर रही भाजपा सरकार 

भाजपा पर जमकर बरसे अखिलेश यादव, बोले-श्रमिकों को गुमराह करने के लिए घोषणाएं कर रही भाजपा सरकार 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार किसानों और श्रमिकों को गुमराह करने के लिए घोषणाओं पर घोषणाएं कर रही है। प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भरता की बात में दम नहीं। उनके...

भाजपा पर जमकर बरसे अखिलेश यादव, बोले-श्रमिकों को गुमराह करने के लिए घोषणाएं कर रही भाजपा सरकार 
प्रमुख संवाददाता,लखनऊThu, 04 Jun 2020 08:39 PM
ऐप पर पढ़ें

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार किसानों और श्रमिकों को गुमराह करने के लिए घोषणाओं पर घोषणाएं कर रही है। प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भरता की बात में दम नहीं। उनके मन की बात से यह लगता है कि हर कोई अब अपनी जानमाल का खुद जिम्मेदार होगा।

अखिलेश ने गुरुवार को जारी एक बयान में कहा कि भाजपा का घोषित न्यूनतम समर्थन सिर्फ छलावा है। जब गेहूं क्रय केंद्र नहीं है तो किसान अपनी उपज कहां बेचेगा? सरकारी नीतियों में विसंगतियों के चलते भी किसान परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों के साथ दूसरा छल यह किया कि एक ओर समर्थन मूल्य बढ़ाने का नाटक किया तो दूसरी तरफ डीजल और गैस के दाम बढ़ा दिए।

रासायनिक खाद, कीटनाशक, बिजली, सिंचाई और बीज के संबंध में किसान को कोई रियायत नहीं मिली। किसानों से कहा जा रहा है कि वह बैंकों से ज्यादा कर्ज लें, किसान को आत्महत्या की ओर प्रेरित करने का यह भाजपाई तरीका है। असल में भाजपा का खेती-किसान से कुछ लेना देना नहीं है। उसकी मानसिकता गरीब विरोधी, किसान विरोधी है।

उन्होंने कहा कि बे-मौसम बरसात, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली से किसानों को मुसीबतें उठानी पड़ी हैं। समाजवादी पार्टी ने किसानों के नुकसान की भरपाई करने और किसानों को 10-10 लाख रुपये मुआवजे में देने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। प्रदेश सरकार किसानों के कर्ज माफ करे। भाजपा नेतृत्व को यह नहीं भूलना चाहिए कि किसान ही खेतों में खून पसीना बहाकर हमारे लिए अन्न उपजाता है। वह उदासीन हुआ तो भुखमरी के हालात पैदा हो जाएंगे। भाजपा सरकार और उसकी गरीब, किसान विरोधी नीतियां ही इसके लिए जिम्मेदार होंगी।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें