ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशरांची: प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव के सामने भिड़े कांग्रेसी, हाथापाई तक की नौबत

रांची: प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव के सामने भिड़े कांग्रेसी, हाथापाई तक की नौबत

कांग्रेस भवन में सोमवार को महंगाई का विरोध करने और रणनीति बनाने के लिए जुटे कांग्रेसी आपस में ही भिड़ गए। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्षों और प्रवक्ताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ। तू-तू मैं-मैं से बात...

रांची: प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव के सामने भिड़े कांग्रेसी, हाथापाई तक की नौबत
रांची लाइव हिन्दुस्तानMon, 22 Feb 2021 08:59 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस भवन में सोमवार को महंगाई का विरोध करने और रणनीति बनाने के लिए जुटे कांग्रेसी आपस में ही भिड़ गए। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्षों और प्रवक्ताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ। तू-तू मैं-मैं से बात हाथापाई तक पहुंच गई। प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के सामने पूरी घटना हुई। पार्टी नेताओं के समझाने के बाद किसी तरह मामला शांत कराया जा सका। 

नेताओं को जिम्मेदारी बांटने के बाद विवाद 
कांग्रेस भवन में पेट्रोल डीजल और गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में पहले चरण में तीन दिनों के आंदोलन का निर्णय लिया गया। इसमें नेताओं को जिलों में जाकर कार्यक्रम करने की जिम्मेदारी दी गई। बैठक खत्म होने की स्थिति में प्रवक्ता आलोक दुबे ने कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की ओर कहा कि अब चिट्ठी काट दीजिए। इस पर केशव महतो कमलेश ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव से आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि आए दिन इस तरह से उन पर कटाक्ष किए जाते हैं। अब आपके (प्रदेश अध्यक्ष के) सामने ही अनुशासनहीनता की जा रही है। ऐसे में काम करना मुश्किल है। 

पार्टी नेताओं ने बताया कि प्रवक्ता आलोक दुबे की ओर से कार्यकारी अध्यक्षों को भी अपने प्रभाव वाले जिलों में जाकर कार्यक्रम करने की बात कही गई। उस पर कार्यकारी अध्यक्ष मानस सिन्हा और संजय लाल पासवान कहने लगे कि वे तय नहीं करेंगे कि कार्यकारी अध्यक्ष क्या काम करें। इस पर तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। 

किसी तरह नेताओं को किया गया अलग
प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम लगातार उन्हें शांत रहने और मर्यादाओं का पालन करने का आग्रह करते रहे लेकिन तू-तू मैं-मैं धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। पार्टी के अन्य नेताओं के प्रयास से उन्हें अलग कर मामला शांत कराया गया। विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और कार्यकारी अध्यक्ष बैठक से बाहर निकल गए। बाद में  प्रदेश अध्यक्ष के आग्रह पर वे लौटे और बैठक पूरी हुई। आपस में मेल मिलाप भी हुआ।

नहीं है कोई मनमुटाव, निकला फ्रस्ट्रेशन: डॉ रामेश्वर उरांव
प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि पार्टी में किसी के बीच कोई मनमुटाव नहीं है। मन में जो फ्रस्ट्रेशन था वह बाहर निकल गया है।  कांग्रेस जिंदा पार्टी है और जिंदा पार्टी होती है वहां ही हॉट टॉक होता है। ऐसे में कुछ बातें होती है, जिससे तू-तू मैं-मैं हो जाती है। जब दो पहलवान मिलते हैं तब वह और मजबूत होते हैं। यह घर की लड़ाई है, इसे सुलझा लिया गया है। आलाकमान तक इस तरह की बातें पहुंचाने की आवश्यकता नहीं है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें