Ramotsav 2024 Ayodhya is developing on basis of eight concepts to get restored to ancient glory रामोत्सव 2024: आठ परिकल्पनाओं के आधार पर भव्य स्वरूप ले रही अयोध्या, पढ़ें डिटेल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUP NewsRamotsav 2024 Ayodhya is developing on basis of eight concepts to get restored to ancient glory

रामोत्सव 2024: आठ परिकल्पनाओं के आधार पर भव्य स्वरूप ले रही अयोध्या, पढ़ें डिटेल

प्रभु श्रीराम की अयोध्या आठ परिकल्पनाओं के आधार पर भव्य स्वरूप ले रही है। मोदी-योगी सरकार अयोध्या के प्राचीन वैभव को पुनर्प्रतिस्थापित करने में जुटी है। 30.5 हजार करोड़ से अधिक धनराशि खर्च की जा रही।

Srishti Kunj हिन्दुस्तान टीम, अयोध्याMon, 11 Dec 2023 05:53 AM
share Share
Follow Us on
रामोत्सव 2024: आठ परिकल्पनाओं के आधार पर भव्य स्वरूप ले रही अयोध्या, पढ़ें डिटेल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अवधपुरी के चतुर्दिक विकास के लिए आठ परिकल्पनाओं के आधार पर कार्य हो रहे हैं, जिससे एक बार फिर साकेतपुरी को समस्‍त ऐश्‍वर्यपूर्ण नगरी बनाने का सपना साकार होने लगा है। वर्ष 2014 में केंद्र में मोदी सरकार और 2017 में उत्तर प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद से ही अयोध्या के चहुंमुखी विकास का खाका खींचकर मिशन मोड में कार्य शुरू हो गया था। 

एक के बाद एक लगभग 30.5 हजार करोड़ की 178 परियोजनाओं के जरिए अयोध्या को विश्वस्तरीय नगर के रूप में विकसित करने का संकल्प अब सिद्धि तक पहुंचने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने पहले दिन से ही अवधपुरी के वैभव को पुनर्प्रतिस्थापित करने के लिए जिन आठ परिकल्पनाओं को ही आधार बनाकर कार्य करने के निर्देश अधिकारियों को दे दिये थे, वह मूर्तरूप होने लगा है। 

क्या हैं ये आठ परिकल्पनाएं 
भगवान विष्णु के चक्र पर स्थित साकेतपुरी को सांस्कृतिक अयोध्या, सक्षम अयोध्या, आधुनिक अयोध्या, सुगम्य अयोध्या, सुरम्य अयोध्या, भावात्मक अयोध्या, स्वच्छ अयोध्या और आयुष्मान अयोध्या के रूप में धरातल पर उतारने का कार्य योगी सरकार तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। 

सांस्कृतिक अयोध्या : इसके तहत अवधपुरी का विकास भारत की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित किया जाना है। मठ, मंदिरों और आश्रमों को भव्य रूप प्रदान करना हो या वैभवशाली नगर द्वारों का निर्माण, इसके अलावा मंदिर संग्रहालय जैसे तमाम कार्य इसी परिकल्पना के आधार पर किये जा रहे हैं। 

सक्षम अयोध्या : इसके अंतर्गत अयोध्या को पूरी तरह से आत्मनिर्भर नगरी के रूप में विकसित किया जा रहा है। जहां रोजी-रोजगार, पर्यटन, धर्म और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा। 

आधुनिक अयोध्या : आजादी के 70 साल बाद तक अपनी दुर्दशा पर आंसू बहाने वाली इस पवित्र नगरी को आज हर प्रकार की आधुनिक सुविधाओं वाला नगर बनाया जा रहा है। स्मार्ट सिटी, सेफ सिटी, सोलर सिटी, ग्रीन फील्ड टाउनशिप जैसी तमाम योजनाएं इसी विचार के परिणाम स्वरूप आकार ले रही हैं। 

सुगम्य अयोध्या : चाहे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण हो, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का कायाकल्प या सरयू को इनलैंड वाटरवे से जोड़ने का काम, योगी सरकार अयोध्या तक पहुंच को हर प्रकार से सुगम्य बना रही है। 

सुरम्य अयोध्या : अयोध्या के विभिन्न कुंडों, तालाबों और प्राचीन सरोवरों के सौंदर्यीकरण की बात हो या पुराने उद्यानों का कायाकल्प और नए उद्यानों का निर्माण कार्य या हेरिटेज लाइटों के जरिए शहर को तारों के जंजाल से मुक्ति दिला कर सुंदर स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।  

भावात्मक अयोध्या : प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि और लीला स्थली से पूरी दुनिया के सनातनियों का भावनात्मक जुड़ाव है। इसे देखते हुए शहर की दीवारों, सड़क के कनारे, चौराहों को सांस्कृतिक रूप से सुसज्जित किया जा रहा है।    

स्वच्छ अयोध्या : स्मार्ट सिटी के रूप में नगर में साफ-सफाई से लेकर ड्रेनेज और सीवर सिस्टम पर अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। पर्यटन और धार्मिक आस्था के केंद्र के रूप में विकसित हो रही अयोध्या को देश की सबसे स्वच्छ नगरी बनाने का संकल्प भी मुख्यमंत्री ने पहले ही ले लिया है। 

आयुष्मान अयोध्या : रोगियों को गुणवत्तापूर्ण व सुविधा आधारित चिकित्सीय सुविधा प्रदान करने के लिए अयोध्या के हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर को पहले से काफी मजबूत किया गया है। यही नहीं राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज एम्स द्वारा देश के पांच मेडकल कॉलेजों में से एक है, जहां आपातकालीन चिकित्सीय सुविधा पर बड़े स्तर पर शोध कार्य भी हो रहा है। योगी सरकार का लक्ष्य अयोध्या को आयुष्मान नगरी के रूप में विकसित करना है।