ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशराम की नगरी 'अयोध्या' में साल की दूसरी दीपावली मनाने की शुरुआत हुई

राम की नगरी 'अयोध्या' में साल की दूसरी दीपावली मनाने की शुरुआत हुई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से रामलला के मंदिर निर्माण का शुभारंभ करने के बाद बुधवार की शाम से अयोध्या में साल की दूसरी दीपावली मनाने की शुरुआत हो गई। अयोध्या के सभी भवन और मंदिर रंग-बिरंगी...

राम की नगरी 'अयोध्या' में साल की दूसरी दीपावली मनाने की शुरुआत हुई
हिन्दुस्तान टीम, अयोध्याThu, 06 Aug 2020 06:27 AM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से रामलला के मंदिर निर्माण का शुभारंभ करने के बाद बुधवार की शाम से अयोध्या में साल की दूसरी दीपावली मनाने की शुरुआत हो गई। अयोध्या के सभी भवन और मंदिर रंग-बिरंगी झालरों से जगमगा रहे हैं। राम की पैड़ी पर एक लाख दिए जलाए गए।

इसके अलावा राम नगरी की हर सड़क, गली, भवन, मंदिर और आश्रम दीपों से जगमग हो रहे थे। आतिशबाजी की जा रही थी। देर रात तक अयोध्या में दीपावली मनाने जैसा नजारा था। हर कोई इसमें शामिल था। सभी मंदिर सजे हुए थे। मंदिरों में रामचरितमानस का पाठ हो रहा था। घरों में मोमबत्ती और दीप प्रज्ज्वलित किए जा रहे थे।

काशी में भी मनी राम दीपावली
अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन की संध्या बेला में शिवनगरी काशी में राम दीपावली मनाई गई। घर की छतों से लेकर चौराहे तक दीपों से जगमग हो उठे। साधु संन्यासियों ने मठों मंदिरों और गृहस्थों ने अपने घरों में दीपदान किया। शाम को अचानक खराब हुए मौसम के बीच संतों-भक्तों ने राम नाम का दीपक जलाए रखा। लोगों ने घरों के बारामदे दीपकों से भर दिए। छतों पर आतिशबाजी भी की गई। 

भाजपा कार्यालय में दीपोत्सव और हुई रोशनी
प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों पर दीपक जलाकर असीम उल्लास और खुशी के साथ दीपोत्सव मनाया। पार्टी के राज्य मुख्यालय पर बुधवार दिन भर उत्सव का माहौल रहा और शाम को पार्टी कार्यालय में रामदरबार की पूजा अर्चना व भजन कीर्तन की धुनों के बीच दीपोत्सव का कार्यक्रम शुरू हुआ। पार्टी के राज्य मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं ने कई  इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण कार्य की शुरुआत होने के लिए बधाई देते हुए हर्ष व्यक्त किया। पूरे पार्टी कार्यालय को झालर व लाइटों की रोशनी से भी सजाया गया।

उत्तराखंड में रहा उत्सव जैसा माहौल
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास को लेकर उत्तराखंड में भी उत्सव जैसा माहौल रहा। चारों धामों बदरीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री में इस मौके पर खास पूजा अर्चना हुई। हरकी पैड़ी दीयों की रोशनी से जगमगाती नजर आई। देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में किसी त्योहार जैसा जश्न नजर आया। कांग्रेसी भी कार्यक्रम आयोजित कर जश्न मनाते दिखे। शहर-देहात के कई मंदिरों में खास सजावट की गई थी। कई जगह धार्मिक अनुष्ठान भी हुए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें