ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशकानपुर संवासिनी गृह में रेप के बाद हत्या, मिले दरिंदगी के सबूत

कानपुर संवासिनी गृह में रेप के बाद हत्या, मिले दरिंदगी के सबूत

स्वरूपनगर के राजकीय संवासिनी गृह में युवती की रेप के बाद हत्या की गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नाजुक अंग और सीने पर चोटें मिलीं। इस खुलासे के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। एडीजी,...

कानपुर संवासिनी गृह में रेप के बाद हत्या, मिले दरिंदगी के सबूत
कानपुर। वरिष्ठ संवाददाता,कानपुरFri, 05 Jan 2018 01:44 PM
ऐप पर पढ़ें

स्वरूपनगर के राजकीय संवासिनी गृह में युवती की रेप के बाद हत्या की गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नाजुक अंग और सीने पर चोटें मिलीं। इस खुलासे के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। एडीजी, आईजी, डीएम अौर एसएसपी समेत तमाम आलाधिकारी संवासिनी गृह पहुंचे। देर रात तक छानबीन हुई। 
संवासिन गृह में 8 साल से रह रहीं 24 वर्षीय युवती को मंगलवार दोपहर 11:40 बजे गंभीर हालत में हैलट पहुंचाया गया। संवासिनी गृह की कर्मचारी मधु ने डॉक्टरों को बताया कि युवती को मिर्गी का दौरा पड़ा है। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी न होने से पोस्टमार्टम नहीं हुअा। बुधवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हैलट चौकी पुलिस ने पंचनामा भरा। गुरुवार को वीडियोग्राफी के बीच तीन डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में शरीर में चोट के निशान के साथ मुंह दबाने से मौत की पुष्टि हुई। खरोच के निशान के चलते रेप की आशंका जताई गई  है। पुष्टि के लिए स्लाइड बनाई गई है।
क्रूरता की हदें पार, सीने और नाजुक अंगों पर चोट  
संवासिनी के साथ क्रूरता की हदें पार कर दी गई थीं। उसके सीने, नाजुक अंगों, पैर और हाथ पर चोटों के निशान पाए गए हैं। ऐसे में राजकीय महिला शरणालय कठघरे में खड़ा हो गया है। बर्बरता से साफ है कि संवासिनी को बड़ी बेरहमी से मारा गया था। उसे जमकर पीटा गया, फिर चीखने पर मुंह तक दबाया गया। एडीजी अविनाश चंद्र ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। पोस्टमार्टम में खुले राज ने तो आला अफसरों के होश उड़ा दिए हैं। यहां तक कि  नाजुक अंग में चोट के निशान ने रेप के संदेह को और पुख्ता कर दिया है। उसकी दोनों हथेलियों में नीले धब्बे पाए गए। ऐसे में आशंका है कि तकिया या किसी चीज से संवासिनी को मुंह दबाकर मार डाला गया। इस संदेह को भी फिलहाल अफसर नहीं नकार रहे है कि उसके साथ गैंगरेप किया गया हो। इसी आशंका पर स्लाइड बनाई गई है।
रेप, हत्या से इनकार नहीं
एडीजी  एडीजी का कहना है कि हत्या और रेप के बिंदु पर इनकार नहीं किया जा सकता है। संवासिनी के मिर्गी की बीमारी की बात सामने आई है। यह भी बताया जा रहा है कि मिर्गी आने पर संवासिनी को होश में लाने के लिए उसकी नाक दबा दी जाती थी। उसे अस्पताल भेजने के वक्त उसके साथ कौन-कौन था। कितनी लड़कियां थीं, अब इन बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। इस मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इस संबंध में आला पुलिस अफसरों का कहना है कि घटना को काफी बेरहमी से अंजाम दिया गया, किसी भी कीमत पर आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
साक्ष्य मिटाने को दे दिए 72 घंटे 
राजकीय शरणालय में संवासिनी की हत्या में महिला अपराधों पर प्रशासन और पुलिस की सतर्कता की पोल खुल गई। उसकी मौत मंगलवार को हुई थी। चोट के निशान दिखने के बाद भी उसका पोस्टमार्टम 72 घंटे बाद हुआ। किसी भी वारदात के साक्ष्य मिटाने के लिए इतना समय काफी होता है। संवासिनी गृह के कर्मचारियों की मानें तो मृतका की हालत मंगलवार की सुबह बिगड़ गई थी। उसे हैलट अस्पताल ले जाया गया।  यहां डॉक्टश्रों ने मृत घोषित कर दिया गया। संवासिनी गृह में मौत को भी प्रशासन ने गंभीरता से नहीं लिया। शव मॉर्चुरी में रख दिया गया। पंचनामा दूसरे दिन बुधवार की मजिस्ट्रेट के आने पर किया गया। चौकी प्रभारी ने पंचनामे में जाहिरा चोटों का जिक्र किया तो भी मामला संदिग्ध लगा। संदेह के बाद भी शव दूसरे दिन पोस्टमार्टम के लिए रख दिया गया। गुरुवार की शाम पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया तो हकीकत पता चलने पर प्रशासनिक और पुलिस अफसरों तक सक्रिय हो गए। 
कर्मचारियों से पूछताछ, फुटेज भी खंगाले
हत्या सामने आने पर सीओ स्वरूपनगर ,एसीएम छह व स्वरूपनगर पुलिस संवासिनी गृह पहुंच छानबीन में जुट गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए आला अफसर भी सक्रिय हो गए। एडीजी अविनाश चंद्र, आईजी आलोक सिंह और एसएसपी अखिलेश मीणा भी पहुंच गए। अफसरों ने कई संवासियों और कर्मचारियों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फोरेंसिक टीम भी जांच में जुट गई।


 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें