ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशलोकसभा चुनाव 2019: प्रियंका गांधी ने चार घंटे रोड शो कर काशी में ताकत दिखाई

लोकसभा चुनाव 2019: प्रियंका गांधी ने चार घंटे रोड शो कर काशी में ताकत दिखाई

Priyanka Gandhi road show in Varanasi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने बुधवार को वाराणसी में रोड शो के जरिये उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के मजबूत होने का संकेत देने की कोशिश...

लोकसभा चुनाव 2019: प्रियंका गांधी ने चार घंटे रोड शो कर काशी में ताकत दिखाई
हिन्दुस्तान टीम, वाराणसी।Thu, 16 May 2019 12:17 AM
ऐप पर पढ़ें

Priyanka Gandhi road show in Varanasi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने बुधवार को वाराणसी में रोड शो के जरिये उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के मजबूत होने का संकेत देने की कोशिश की। लंका स्थित महामना मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुए रोड शो के दौरान उन्होंने अस्सी, सोनारपुरा, मदनपुरा और गोदौलिया से ज्ञानवापी तक कई बार लोगों से सीधे जुड़ने की कोशिश की। इसके लिए सुरक्षा प्रतिबंधों को परे रखते हुए वह कुछ जगहों पर ट्रक से नीचे भी उतरीं। रास्ते में लोगों ने प्रियंका का जबरदस्त स्वागत किया। लगभग तीन घंटे में उन्होंने लंका से ज्ञानवापी तक की दूरी तय की।

प्रियंका गांधी करीब दो घंटे विलंब से शाम 6.20 बजे लंका पहुंचीं। 6.22 बजे महामना मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद 6.25 बजे रोड शो शुरू किया। लंका क्षेत्र में काफी भीड़ लग गयी थी। तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रियंका को मालवीय प्रतिमा से लोगों को संबोधित करना था, पर विलंब के कारण अंतिम समय में यह कार्यक्रम बदल दिया गया।

काशी से बहुत अपेक्षाएं हैं, इसलिए यहां आईं हूं: प्रियंका गांधी

लाल रंग की साड़ी पहने प्रियंका एक खुली ट्रक पर बैठकर लंका से निकलीं। ट्रक को फूल-मालाओं से सजाया गया था। उनके साथ वाराणसी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक, वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ल, सांसद सावित्रीबाई फुले भी थीं। प्रियंका सड़क के दोनों किनारों पर खड़े लोगों का अभिवादन कर रही थीं। दोनों ओर से लोगों ने उनपर फूल बरसाए। लंका पर दोनों किनारों पर बने भवनों के बारजों पर काफी संख्या में लोग खड़े थे। प्रियंका लोगों का अभिवादन करने के लिए ट्रक के एक किनारे से दूसरे तक आती जाती रहीं।

लंका पर एक जगह अचानक प्रियंका गांधी ट्रक से उतर गयीं। वहां कुछ महिलाएं उनसे हाथ मिलाने की कोशिश कर रही थीं। ट्रक के ऊपर से यह संभव नहीं था तो उन्होंने ट्रक रोकवा दी और नीचे उतरकर महिलाओं के बीच पहुंच गयीं। रास्ते में एक प्रशंसक ने प्रियंका गांधी को रुद्राक्ष की माला भी दी, जिसे उन्होंने तुरंत गले में डाल लिया।

काशी में बोलीं प्रियंका गांधी, लोकतंत्र की जीत होगी, सत्य जीतेगा

काफिला के अस्सी पुलिया पहुंचने पर प्रियंका फिर ट्रक रुकवाकर नीचे उतर गयीं। उन्होंने नाले का अवलोकन किया। साथ में चल रहे कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय ने उन्हें नाले और असि नदी की जानकारी दी। उसके आगे अस्सी चौराहे के पास फिर ट्रक से उतरकर कांग्रेस महासचिव कार्यकर्ताओं से मिलीं। काफिला आगे बढ़ा। प्रियंका ने नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ताओं का खुद तालियां बजाकर अभिवादन किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें