
विवादों में घिरी फिल्म कल्कि 2898 AD; प्रमोद कृष्णम ने निर्माता और निर्देशक को भेजा नोटिस
यूपी में साउथ की फिल्म कल्कि 2898 एडी विवादों में घिर गई है। कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने मूवी के निर्माता और निर्देशक को लीगल नोटिस भेजा है।
कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने साउथ की मूवी कल्कि 2898 एडी में दिखाई गई कहानी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहानी को तोड़ मरोड़कर दिखाने का आरोप लगाते हुए फिल्म के निर्माता और निर्देशक को लीगल नोटिस भेजा है। 15 दिनों में नोटिस का उत्तर नहीं देने पर कार्रवाई कराने की बात कही है।

27 जून को साउथ की मूवी कल्कि 2898 एडी रिलीज हुई है। फिल्म में दिखाए गए चित्रण को लेकर कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आपत्ति जताई है। उन्होंने फिल्म के निर्माता और निर्देशक को सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के अधिवक्ता उज्जवल आनंद शर्मा से लीगल नोटिस भिजवाया है। जिसमें कहा है कि भगवान श्रीकल्कि का संभल में अवतार होगा। ऐसा पुराणों में वर्णन है। कल्कि, प्राक्टय के संबंध में तमाम उल्लेख करते हुए कहा है कि मूवी में कल्कि के घोर विरूपण, गलत बयानी और विकृत चित्रण को दर्शाया गया है।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने मूवी के संचालन, प्रसार और वितरण पर रोक की मांग की है। आचार्य कृष्णम ने बताया कि कल्कि भगवान के अवतार के संबंध में पुराणों में वर्णन है। धार्मिक ग्रंथों में कल्कि के बारे में जो बातें लिखी गई हैं उन्हें मूवी में तोड़ मरोड़कर दिखाया है। जिससे करोड़ों लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है। इसीलिए फिल्म के निर्माता और निर्देशक को नोटिस दिया गया है। जबाव मिलने का इंतजार है। जब उत्तर आ जाएगा, तब सर्वोच्च न्यायालय की शरण में जाएंगे।



