ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशसपा से जिला पंचायत अध्‍यक्ष के घोषित प्रत्‍याशी के घर पर पुलिस की दबिश, सपाइयों ने लगाया ये आरोप

सपा से जिला पंचायत अध्‍यक्ष के घोषित प्रत्‍याशी के घर पर पुलिस की दबिश, सपाइयों ने लगाया ये आरोप

सपा से घोषित जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी आलोक गुप्ता के आवास पर सोमवार को भारी पुलिस बल के साथ कोतवाल ने दबिश दी। इस दौरान आलोक गुप्ता आवास पर नहीं मिले। श्री गुप्ता ने इसे पर्चा दाखिल करने से...

सपा से जिला पंचायत अध्‍यक्ष के घोषित प्रत्‍याशी के घर पर पुलिस की दबिश, सपाइयों ने लगाया ये आरोप
वरिष्‍ठ संवाददाता ,गोरखपुर Tue, 22 Jun 2021 08:19 PM
ऐप पर पढ़ें

सपा से घोषित जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी आलोक गुप्ता के आवास पर सोमवार को भारी पुलिस बल के साथ कोतवाल ने दबिश दी। इस दौरान आलोक गुप्ता आवास पर नहीं मिले। श्री गुप्ता ने इसे पर्चा दाखिल करने से रोकने की साजिश करार दिया है। इसके पूर्व 15 जून को भी आलोक के आवास पर दबिश देकर उनका सीसीटीवी कैमरा पुलिस ने खंगाला था।

सोमवार को दोपहर बाद कोतवाल के नेतृत्व मे खड़ेसरी स्थित आवास पर पहुंची पुलिस ने आलोक को बुलाने को कहा। स्टाफ ने बताया कि आलोक बाहर गए हैं। तब पुलिस ने सभी आधा दर्जन कर्मियों व वाहन चालको का नाम, पता तथा मोबाइल नम्बर नोट कर चेतावनी दी कि मंगलवार को आलोक को बुलाओ नहीं तो तुम लोग परेशान होगे। करीब सवा घंटे बाद पुलिस चली गयी।

कोतवाल मनोज राय ने बताया कि आलोक पर दो मुकदमें दर्ज हैं। एक चिकित्सक के वहां बवाल करने का तथा दूसरा आलोक के वाहन से दुघर्टना का हैं। दुघर्टना में घायल व्यक्ति का इलाज आजमगढ़ में चल रहा है। उसी सिलसिले में विवेचना करने टीम गई थी। पर वह घर पर नहीं मिले।

 

वहीं सपा से घोषित जिला पंचायत अध्यक्ष पद के संभावित प्रत्याशी आलोक गुप्ता ने कहा कि पर्चा दाखिल करने से रोकने के लिए साजिश रची जा रही हैं। जैसे-जैसे समय नजदीक आ रहा है। साजिश के तहत मुझे गिरफ्तार करने की कोशिश हो रही है। डराया जा रहा हैं जिससे कि मैं प्रत्याशिता से पीछे हट जाऊं। किन्तु अब मैं डरने वाला नही हूँ। सपा मुखिया अखिलेश यादव का आशीर्वाद मुझे प्राप्त हो गया है।

 

सपा ने लगाया उत्‍पीड़न का आरोप 

महानगर समाजवादी पार्टी की मंगलवार को बेतियाहाता स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता जियाउल इस्लाम ने की तथा संचालन सिंहासन सिंह यादव ने किया। बैठक में बूथ कमेटियों, वोटर लिस्ट एवं पोलिंग सेंटरों तथा जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर चर्चा की गई।

अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में जियाउल इस्लाम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार अपने खिलाफ जनता के बढ़ते हुए आक्रोश को देखते हुए विपक्षी नेताओं और जनप्रतिनिधियों के उत्पीड़न पर उतर आई है। सपा द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए घोषित उम्मीदवार आलोक गुप्ता के घर बार-बार पुलिस का छापा मारना, इसका ताजा उदाहरण है। सपा नेता ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई यह संकेत है कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव में अपनी हार मान चुकी है। सपा नेता ने कहा कि शासन-प्रशासन ने अगर समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के उत्पीड़न का विचार नहीं छोड़ा तो समाजवादी कार्यकर्ता जिला मुख्यालय को घेरेंगे। इस दौरान प्रदीप कुमार मिश्रा, निलेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

 

टिकट मिलने के बाद से ही प्रताड़ित कर रही पुलिस: आलोक

समाजवादी पार्टी से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी बनाए गए आलोक कुमार गुप्ता ने पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि जिस दिन से उन्हें सपा ने प्रत्याशी बनाया है उसी दिन से पुलिस ने उनको प्रताड़ित करना शुरू कर दिया है।

 

आलोक मंगलवार को मीडियाकर्मियों से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतारा है। इसकी जानकारी होने के बाद से ही पुलिस के अधिकारी उन्हें प्रताड़ित करने लगे हैं। पुलिस उनके यहां बार-बार पहुंच जा रही है। जिन घटनाओं के बारे में उनको जानकारी तक नहीं है उनमें उन्हें दोषी बता रही है। आलोक ने कहा कि वह प्रताड़ना से घबराने वाले नहीं हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का उन्हें आशीर्वाद है। वह चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी ने कहा कि यदि आलोक कुमार गुप्ता की प्रताड़ना बंद नहीं हुई तो समाजवादी साथी सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें