पत्नी से रहता था अलग तो विधवा से बना लीं नजदीकियां, शादी की जिद करने पर प्रेमी ने उतार दिया था मौत के घाट
यूपी के आगरा जिले से आई एक घटना ने पुलिस ही नहीं दूसरों के भी होश उड़ा दिए। पुलिस ने जब इसका खुलासा किया तो मामला प्रेम-प्रसंग का निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस खबर को सुनें
यूपी के आगरा जिले से आई एक घटना ने पुलिस ही नहीं दूसरों के भी होश उड़ा दिए। पुलिस ने जब इसका खुलासा किया तो मामला प्रेम-प्रसंग का निकला। दरअसल एक युवक ने प्रेमिका द्वारा शादी की जिद करने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। प्रेमिका विधवा थी और प्रेमी अपनी पत्नी से अलग रहता था। इसी बीच दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। प्रेमिका खाना बनाने के बहाने प्रेमी के घर जाती थी। दोनों का प्रेम-प्रसंग जब परवान चढ़ा तो विधवा प्रेमिका ने प्रेमी से शादी के लिए कहा। इस पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और विधवा की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए पूरी घटनाक्रम का पर्दाफाश किया।
घटना 21 सितंबर की है। सिकंदरा के चर्च रोड पर भूरा के मकान में किराए के कमरे में रहने वाली करीब 37 वर्षीय लक्ष्मी पत्नी सुनील का शव मिला था। वह छह माह पहले पति की मौत के बाद घरों में खाना बनाने का काम करती थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो रिपोर्ट में लक्ष्मी की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई। जिसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की तो ह्रदयेश गौतम निवासी शिवपुरी गैलाना सिकंदरा का नाम सामने आया। मामले में मरने वाली के ममिया ससुर अमरनाथ ने सिकंदरा थाने में प्राथमिकी लिखाई थी।
पत्नी से रहती थी अनबन
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह और लक्ष्मी एक ही मकान में ऊपर नीचे रहते थे। वह एक जूता फैक्ट्री में काम करता है। पत्नी से अनबन के चलते उसे अपने पास नहीं रखता था। इसी दौरान उसने लक्ष्मी को अपने लिए भी खाना बनाने के लिए कहा। जिसके बदले वह लक्ष्मी को महीने में कुछ रुपये भी देता था। दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे। वह लक्ष्मी से शादी का वादा कर अपना कमरा बदलकर उसके बराबर वाले कमरे में आकर रहने लगा।
शादी का दबाव बनाने पर हुआ था विवाद
लक्ष्मी उस पर शादी का दबाव बनाने लगी तो वह कमरा छोड़कर चला गया। दूसरी जगह किराए पर रहने लगा, लेकिन लक्ष्मी के पास आना जाना लगा रहा। आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह 21 सितंबर की रात को भी लक्ष्मी के कमरे पर आया था। वह उससे शादी का दबाव बना झगड़ा करने लगी। जिसे लेकर विवाद होने पर उसने लक्ष्मी के साथ मारपीट कर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। शव को रात में कमरे में छोड़कर भाग गया।