ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशहुक्‍का बार में चल रही थी पार्टी, डांस को लेकर जमकर हुई मारपीट, छह हिरासत में  

हुक्‍का बार में चल रही थी पार्टी, डांस को लेकर जमकर हुई मारपीट, छह हिरासत में  

कोरोना काल में भी गोरखपुर में हुक्‍का बार न सिर्फ आबाद है बल्कि वहां जन्‍मदिन की पार्टी भी चल रही थी। सोमवार की देर शाम तक लड़के-लड़कियों दुनिया जहां की चिंता भूलकर मजे से हुक्‍का पी रहे...

हुक्‍का बार में चल रही थी पार्टी, डांस को लेकर जमकर हुई मारपीट, छह हिरासत में  
हिन्‍दुस्‍तान संवाद ,गोरखपुर Tue, 04 Aug 2020 12:01 AM
ऐप पर पढ़ें

कोरोना काल में भी गोरखपुर में हुक्‍का बार न सिर्फ आबाद है बल्कि वहां जन्‍मदिन की पार्टी भी चल रही थी। सोमवार की देर शाम तक लड़के-लड़कियों दुनिया जहां की चिंता भूलकर मजे से हुक्‍का पी रहे थे। 

इसी दौरान डांस को लेकर लड़कों के बीच में तू-तू, मैं-मैं शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में सब आपस में भिड़ गए। मारपीट होने लगी। भगदड़ मच गई। सड़क पर शोर शराबा शुरू हुआ तो किसी ने सूचना पुलिस को भी दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छह-सात लड़कों को हिरासत में ले लिया। 

घटना,गोरखपुर के पादरी बाजार क्षेत्र का है। संगम चौराहे पर स्थित हुक्का बार में जन्मदिन की पार्टी मना रहे लड़के-लड़कियों की टोली में घुस आए बाहरी लड़के अपनी पसंद के गाने पर डांस करना चाह रहे थे। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हुआ। हुक्का बार संचालक सहित विवाद में शामिल सात को शाहपुर पुलिस ने हिरासत में लिया है। संगम चौराहे पर स्थित शंकर कॉम्प्लेक्स में जेल बाईपास रोड पर टेन कॉफी एंड रेस्ट्रो के नाम से हुक्का बार चलता है।

शाहपुर इलाके के कुछ लड़के-लड़कियां सोमवार की रात हुक्का बार में जन्मदिन मनाने आए थे। इसके लिए उन्होंने हुक्का बार में बाकायदा बुकिंग कराई थी। केक काटने के बाद लड़के-लड़कियां डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी बीच कुछ बाहरी लड़के बार में घुस आए और हुक्का पीने के बाद वे भी डांस में शामिल हो गए। जन्मदिन मना रहे लड़कों ने पहले तो नजरअंदाज किया लेकिन बाहरी लड़के अपनी फरमाइश का गाना बजाने के लिए कहे तो विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। 

मारपीट की खबर मिलने पर हुक्का बार पहुंचे पादरी बाजार चौकी इंचार्ज सुनील कुमार गुप्त ने सात लड़कों को हिरासत में ले लिया है। शाहपुर थानेदार सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सात लड़कों को हिरासत में लिया गया है। टेन काफी एंड रेस्ट्रो के संचालक पहले जंगल मातादीन में प्लाजा बी के नाम से हुक्का बार चलाते थे। वहां से भी मारपीट की अक्सर शिकायतें मिलती रहती थीं। कॉलोनी के लोगों के विरोध की वजह से वहां हुक्का बार बंद करना पड़ा था। हुक्का बार संचालक को भी हिरासत में लिया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें