ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशयूपी: मुर्गे की मौत पर मालिक का हंगामा, लगाया जहर खिलाने का आरोप

यूपी: मुर्गे की मौत पर मालिक का हंगामा, लगाया जहर खिलाने का आरोप

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के मनौती के लिए खरीदे गए तीन में से एक मुर्गे की मौत हो गई। इस पर मुर्गा मालिक ने हंगामा खड़ा कर दिया। उसने मुर्गे को जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। उसने गुस्से...

यूपी: मुर्गे की मौत पर मालिक का हंगामा, लगाया जहर खिलाने का आरोप
लाइव हिन्दुस्तान टीम,शाहजहांपुरFri, 15 Mar 2019 09:03 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के मनौती के लिए खरीदे गए तीन में से एक मुर्गे की मौत हो गई। इस पर मुर्गा मालिक ने हंगामा खड़ा कर दिया। उसने मुर्गे को जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। उसने गुस्से में मोहल्ले वालों को गालियां दीं। इस पर झगड़ा होने लगा। फिर मुर्गा मालिक ने डायल-100 पर फोन कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस पहुंची तो बड़ी पशोपेश में पड़ गई। पुलिस वालों ने मोहल्ले वालों से कहा कि आप लोग मुर्गे की कीमत दीजिए, इस पर मोहल्ले वालों ने कहा कि वे क्यों कीमत देंगे। बड़ी मुश्किल में पुलिस ने मुर्गा मालिक को समझाकर शांत करा दिया।

मामला गदियाना मोहल्ले का है। यहां जामिया फातिमा मदरसे के पास महमूद परिवार के साथ रहता है। उसने पूरनपुर के सेला बाबा की मजार पर कोई मनौती मानी थी। उसने तीन मुर्गे चढ़ाने के लिए खरीदे थे। होली के बाद मजार पर जाकर उसे मुर्गे देने थे। लेकिन शुक्रवार को जब महमूद सोकर उठा तो उसने एक मुर्गा मरा देखा। इस पर उसका पारा चढ़ गया। उसने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया कि उसके मुर्गे को जहर खिलाकर मारा गया है। मुर्गे की हत्या की गई है। उसने मोहल्ले वालों को गाली देनी शुरू कर दी। मोहल्ले वालों ने महमूद से कहा कि जब तुमको पता नहीं है कि किसने मुर्गे की हत्या की, तो पूरे मोहल्ले को गाली क्यों दे रहे हैं। इस बात पर झगड़ा शुरू हो गया। गाली गलौज होने लगी। इसी दौरान महमूद ने डायल 100 पर फोन कर दिया। पुलिस ने मामला समझा। जिन लोगों का महमूद से विवाद हुआ, उनकी बात भी सुनी। 

पुलिस बोली, मोहल्ले वाल दें कीमत, लोग नहीं माने
पुलिस वालों ने मामले को शांत करने के लिए मोहल्ले के लोगों से कहा कि वह मुर्गे की कीमत दे दें, ताकि महमूद दूसरा मुर्गा खरीद सके। इस पर मोहल्ले वालों ने कहा कि जब उन्होंने मुर्गे को मारा नहीं है तो वह रुपया क्यों देंगे। पुलिस वालों ने काफी देर तक महमूद से बात की। उसकी काउंसलिंग की। इसके बाद महमूद का गुस्सा शांत हुआ। फिर पुलिस वालों ने भी महमूद को समझाया कि जब तुमने देखा नहीं कि तुम्हारे मुर्गे को किसने क्या खिलाया तो किसी पर आरोप नहीं लगाया जा सकता है। महमूद के दिमाग में बात आ गई। फिर वह शांत हो गया। मोहल्ले वालों को पुलिस ने समझा दिया कि वह विवाद न करें।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें