ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशबसपा छोड़ चुके पुराने ब्राह्मण नेताओं की घर वापसी की तैयारी, आगरा में एक अगस्त को प्रबुद्धजन सम्मेलन

बसपा छोड़ चुके पुराने ब्राह्मण नेताओं की घर वापसी की तैयारी, आगरा में एक अगस्त को प्रबुद्धजन सम्मेलन

आगरा  में बसपा एक अगस्त को प्रबुद्धजन सम्मेलन करने जा रही है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा, पूर्व मंत्री नकुल दुबे और नीरज मिश्रा विशेष रूप से भाग लेंगे। पार्टी इस सम्मेलन से...

बसपा छोड़ चुके पुराने ब्राह्मण नेताओं की घर वापसी की तैयारी, आगरा में एक अगस्त को प्रबुद्धजन सम्मेलन
मुख्य संवाददाता,आगरा Wed, 28 Jul 2021 09:25 AM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

आगरा  में बसपा एक अगस्त को प्रबुद्धजन सम्मेलन करने जा रही है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा, पूर्व मंत्री नकुल दुबे और नीरज मिश्रा विशेष रूप से भाग लेंगे। पार्टी इस सम्मेलन से पहले दिल्ली के एक बड़े व्यापारी, और सरकारी सेवारत एक अधिकारी के अलावा सपा, भाजपा में चले गए ब्राह्मण नेताओं पर भी नजर लगाए हुए है। 

बसपा का प्रबुद्धजन सम्मेलन एक अगस्त को सुबह 11 बजे आरबीएस कालेज के राव कृष्णपाल सिंह आडीटोरियम में होगा। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य सतीश मिश्रा और पूर्व काबीना मंत्री नकुल दुबे और नीरज मिश्रा की मौजूदगी रहेगी। सम्मेलन में ब्राह्मण नेताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही ब्राह्मण समाज के साथ हो रहे भेदभाव को प्रमुखता से उठाया जाएगा। सम्मेलन के लिए सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रशासन से सम्मेलन के लिए अनुमति भी ले ली गई है। 

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बसपा सोशल इंजीनियरिंग के जरिए फिर से चुनाव मैदान में उतरने का मन बना चुकी है। आगरा में इसका शंखनाद एक अगस्त से हो जाएगा। उससे पहले और बाद में पार्टी की नजर उन ब्राह्मण नेताओं पर लगी है जो पूर्व में बसपा में रह चुके हैं, लेकिन अब सपा और भाजपा में हैं। पार्टी इन लोगों की घर वापसी के लिए उनके संपर्क में है। वहीं पार्टी इस बार बाह के रहने वाले दिल्ली के एक बड़े व्यापारी को भी पार्टी में शामिल कर सकती है। उनसे भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बातचीत हो चुकी है। वहीं सरकारी सेवा में कार्यरत एक अधिकारी ने भी लखनऊ में पार्टी के बड़े नेताओं से संपर्क किया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सम्मेलन में कई दलों के ब्राह्मण नेताओं को भी बसपा में शामिल किया जाएगा।    

सपा के सम्मेलन कराने की हो रही तैयारी

सपा भी ब्राह्मण सम्मेलन कराने की तैयारी में है। हालांकि अभी तक जिले में होने वाले सम्मेलन की कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है, ‌लेकिन पार्टी में ब्राह्मण नेताओं को तलाशे जाने का काम शुरू हो गया है। पूर्व में सपा में रहे ब्राह्मण नेताओं की घर वापसी के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। यही हाल कांग्रेस का है। कांग्रेस ने अभी ब्राह्मण सम्मेलन करने का निर्णय तो नहीं लिया है, लेकिन ब्राह्मण समाज से जुड़े नेताओं से संपर्क करने का काम जरूर शुरू कर दिया गया है। साथ ही विधानसभावार सम्मेलन भी कराए जाएंगे जा किसी समाज विशेष के नहीं होंगे। 

विमल कुमार वर्मा जिलाध्यक्ष बसपा कहते हैं कि  बसपा का प्रबुद्धजन सम्मेलन एक अगस्त को होगा। इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो गईं हैं। विपक्षी दलों के कई ब्राह्मण नेता भी बसपा में शामिल होंगे। वहीं राघवेंद्र सिंह मीनू जिलाध्यक्ष कांग्रेस का कहना है कि कांग्रेस हर विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन कार्यकर्ता सम्मेलन करेगी। अगले हफ्ते प्रदेश अध्यक्ष भी यहां आ रहे हैं। जल्द ही सम्मेलनों का शेड्यूल तैयार कर जारी कर दिया जाएगा।  वाजिद निसार महानगर अध्यक्ष सपा का कहना है कि ब्राह्मण समाज के कई लोग पार्टी में शामिल किए जा चुके हैं। जल्द ही अन्य दलों के कुछ ब्राह्मण नेता पार्टी में शामिल होंगे। अभी सम्मेलन की तिथि नहीं आई है। हमारी तैयारी पूरी है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें