ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशवाराणसी में अब हर साल आ रहे 10 करोड़ पर्यटक, पीएम मोदी बोले- गरीबों को मिल रहा रोजगार

वाराणसी में अब हर साल आ रहे 10 करोड़ पर्यटक, पीएम मोदी बोले- गरीबों को मिल रहा रोजगार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 103वें एपिसोड में सावन में बम बम कर रही अपनी काशी की खूब तारीफ की। मन की बात में काशी विश्वनाथ धाम छाया रहा। वाराणसी में पर्यटक रिकॉर्ड बना रहे हैं।

वाराणसी में अब हर साल आ रहे 10 करोड़ पर्यटक, पीएम मोदी बोले- गरीबों को मिल रहा रोजगार
Yogesh Yadavलाइव हिन्दुस्तान,वाराणसीSun, 30 Jul 2023 07:08 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 103वें एपिसोड में सावन में बम बम कर रही अपनी काशी की खूब तारीफ की। मन की बात में काशी विश्वनाथ धाम छाया रहा। पीएम मोदी ने बताया कि वाराणसी में पर्यटकों की संख्या रिकॉर्ड बना रही है। इसके साथ ही यूपी और सीएम योगी की पौधरोपण की पहल को भी सराहा। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे पर्व और परम्पराएं हमें गतिशील बनाते हैं | सावन में शिव आराधना के लिए कितने ही भक्त कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं।

‘सावन’ की वजह से इन दिनों 12 ज्योतिर्लिंगों में भी खूब श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। बनारस पहुंचने वाले लोगों की संख्या भी रिकॉर्ड तोड़ रही है। अब काशी में हर साल 10 करोड़ से भी ज्यादा पर्यटक पहुंच रहे हैं। अयोध्या, मथुरा, उज्जैन जैसे तीर्थों पर आने वाले श्रद्दालुओं की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। 

तीर्थ और पर्यटन बढ़ने से लाखों गरीबों को रोजगार मिल रहा है। उनका जीवन-यापन हो रहा है। ये सब, हमारे सांस्कृतिक जन-जागरण का परिणाम है। इसके दर्शन के लिए, अब तो पूरी दुनिया से लोग हमारे तीर्थों में आ रहे हैं। मुझे ऐसे ही दो अमेरिकन दोस्तों के बारे में पता चला है जो California से यहाँ अमरनाथ यात्रा करने आए थे।

इन विदेशी मेहमानों ने अमरनाथ यात्रा से जुड़े स्वामी विवेकानंद के अनुभवों के बारे में कहीं सुना था। उससे उन्हें इतनी प्रेरणा मिली कि ये खुद भी अमरनाथ यात्रा करने आ गए। ये, इसे, भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद मानते हैं। यही भारत की खासियत है, कि सबको अपनाता है, सबको कुछ न कुछ देता है।

मन की बात सुनने वाराणसी के मिंट हाउस पर जुटे लोग
वाराणसी के मिंट हाउस नदेसर पर हर महीने मन की बात सुनने के साथ चाय की अड़ी सजती है। इस बार भी यहां मन की बात सुनने के लिए जमावड़ा हुआ। भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह, कमलेश झा, सिद्धनाथ शर्मा, राजेन्द्र यादव, एसके सिंह मुन्ना भाई, अमरेश, संदीप सिंह, विवेक सोनू, रजनीश कन्नौजिया, सत्यनारायण यादव बल्लू, रविशंकर पटेल, कौशलेन्द्र मिश्र आदि प्रमुख रूप से शामिल हुए।

रिकॉर्ड पौधरोपण की सराहना
पीएम मोदी ने यूपी की योगी सरकार द्वारा राज्य में 30 करोड़ से अधिक पौधे लगाये जाने का जिक्र करते हुए इसे जनभागीदारी और जन जागरण का बड़ा उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते 22 जुलाई को उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड 30.21 करोड़ पौधरोपण किया गया। योगी आदित्यनाथ ने यहां अपने सरकारी आवास पर मन की बात कार्यक्रम को सुना।

प्रधानमंत्री ने कहा, राज्य में एक दिन में 30 करोड़ पौधे लगाने का रिकॉर्ड बनाया गया है। इस अभियान की शुरुआत राज्य सरकार ने की और उसे वहां के लोगों ने पूरा किया। हम सभी को पौधे लगाने और पानी बचाने के प्रयासों का हिस्सा बनना चाहिए।

प्रधानमंत्री की ओर से पौधरोपण अभियान की प्रशंसा किये जाने के बाद मुख्यमंत्री ने आभार प्रकट किया। उन्होंने  ट्विटर पर लिखा कि प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से यहां पौधरोपण जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। हम सभी हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण हेतु भरपूर प्रयास कर रहे हैं। उसी क्रम में 77 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी पांच करोड़ पौधरोपण के लिए संकल्पित हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें