नए साल पर राहत भरी खबर है। अब ताजमहल का दीदार किए बिना कोई नहीं लौटेगा। सभी लोग मोहब्बत के इस स्मारक को निहार सकेंगे। इसके लिए अधीक्षण पुरात्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने आदेश जारी कर दिए हैं। हालांकि ऑनलाइन व्यवस्था के तहत पहले की ही तरह 15 हजार सैलानियों की टिकटें बुक हो सकेंगी। यदि पर्यटक ज्यादा होते हैं तो ताज की बुकिंग विंडो से सैलानी ऑफलाइन टिकट ले सकेंगे। यही नहीं, सभी स्मारकों की बुकिंग विंडो को खोल दिया गया है।
आपके अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने दो दिन पहले नए साल में दर्शक बढ़ने संबंधी खबर का प्रमुखता से प्रकाशन किया था। उस समय पुरातत्व मुख्यालय इसका प्रस्ताव भेजा गया था। जिलाधिकारी के भी संज्ञान में बात डाली गई थी। उन्होंने भी अपनी अनुमति दे दी थी। अब पुरातत्व मुख्यालय से भी हरी झंडी मिल गई है।
शुक्रवार को अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने आदेश जारी करते हुए कहा कि नव वर्ष पर सैलानियों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए ताजमहल की बुकिंग विंडो को खोलने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को ताजमहल बंद रहा, लेकिन अगले दिन के लिए सभी ऑनलाइन टिकटें बुक हो जाने के कारण इस आदेश को जारी करना जरूरी हो गया था, अन्यथा नए साल में ताजमहल का दीदार करने वाले सैलानियों को यहां से स्मारक देखे बिना वापस लौटना पड़ता।
अभी तक केवल 15 हजार थी दर्शक क्षमता
कोरोना काल में 17 मार्च को ताजमहल बंद हुआ था। उसके 188 दिन बाद यानी 21 सितंबर को ताजमहल खुला। तब सैलानियों की क्षमता प्रतिदिन पांच हजार की गई थी। उसके बाद पर्यटक क्षमता बढ़ाकर 10 हजार की गई। बाद में सैलानियों की क्षमता बढ़ाकर 15 हजार तक कर दी गई, लेकिन नए साल में सभी 15 हजार टिकटें ऑनलाइन बुक हो गईं। इस पर यह निर्णय लिया गया। अब सभी स्मारकों की बुकिंग विंडो खोल दी गईं हैं। यहां से टिकट खरीदी जा सकती हैं।
ताजमहल सहित सभी स्मारकों की पूरी ऑनलाइन टिकटें बुक हो जाने के कारण बुकिंग विंडो को खोला गया है। इनसे सैलानी टिकट ले सकेंगे। ताज सहित सभी स्मारकों को अब आसानी से पर्यटक देख सकेंगे। इस बारे में जिलाधिकारी को भी अवगत करा दिया गया है।
वसंत कुमार स्वर्णकार, अधीक्षण पुरातत्वविद
आगरा किला में रिकॉर्ड पर्यटक दीदार को पहुंचे
शुक्रवार को ताजमहल बंद था। वहीं, आगरा किला में 6488 रिकॉर्ड पर्यटक पहुंचे। इनमें से 6474 भारतीय, चार विदेशी और 10 सार्क देशों के पर्यटक शामिल थे। यहां प्रतिदिन 7500 की क्षमता है। यहां भी सभी ऑनलाइन टिकट बुक हो गए थे। उसके बाद बुकिंग विंडो खोल दी गईं। फतेहपुरसीकरी में निर्धारित सभी टिकट बुक होने पर बुकिंग विंडो खोल दी गईं। शुक्रवार को यहां 1504 सैलानी पहुंचे। इनमें 1500 भारतीय, दो विदेशी और दो सार्क देशों के सैलानी शामिल थे। अकबर टॉम्ब में 2064, मरियम टॉम्ब में 119, रामबाग में 366, बेबीताज में 1198 और मेहताब बाग में 1829 सैलानी दीदार के लिए पहुंचे।