रायबरेली में नगर पंचायत अध्यक्ष पर रेप और धमकी देने पर मुकदमा, जानें पूरा मामला
रायबरेली में नसीराबाद नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ एक युवती ने थाने पर दुराचार और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
रायबरेली में नसीराबाद नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ एक युवती ने थाने पर दुराचार और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उधर नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ दुराचार का केस दर्ज होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
नसीराबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती के द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि नव निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष मो. अली उर्फ फाकिर की राइस मिल पर करीब छह माह पहले वह धान की भूसी लेने गई थी। युवती को मिल पर अकेली पाकर नगर पंचायत अध्यक्ष ने उसे बहाने से ऊपर बने कमरे में बुलाया और दुराचार किया। आरोप है कि विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद से वह लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। परिजनों ने लड़की की शादी तय कर दी तो बनाई गई अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा। पीड़िता का आरोप है कि युवक के शारीरिक शोषण और धमकियों से वह काफी परेशान रहने लगी।
आरोप है कि14 मई को नव निर्वाचित अध्यक्ष ने उसे फोन पर जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई और बीते मंगलवार को नसीराबाद थाने पहुंचकर नगर पंचायत अध्यक्ष मो. अली उर्फ फाकिर के खिलाफ दुराचार का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि जांच के बाद अध्यक्ष की गिरफ्तारी की जाएगी।