ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशमुन्ना बजरंगी मर्डर केस: सुनील राठी को कड़ी सुरक्षा के बीच बागपत जेल से फतेहगढ़ जेल भेजा गया

मुन्ना बजरंगी मर्डर केस: सुनील राठी को कड़ी सुरक्षा के बीच बागपत जेल से फतेहगढ़ जेल भेजा गया

बागपत जेल में माफिया मुन्ना बजरंगी की हत्या करने के आरोपी कुख्यात सुनील राठी को आज कड़े सुरक्षा घेरे में केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ जेल भेजा गया है। बागपत जिला जेल के अधीक्षक (प्रभारी) विपिन...

मुन्ना बजरंगी मर्डर केस: सुनील राठी को कड़ी सुरक्षा के बीच बागपत जेल से फतेहगढ़ जेल भेजा गया
बागपत, एजेंसीSat, 14 Jul 2018 06:25 PM
ऐप पर पढ़ें

बागपत जेल में माफिया मुन्ना बजरंगी की हत्या करने के आरोपी कुख्यात सुनील राठी को आज कड़े सुरक्षा घेरे में केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ जेल भेजा गया है। बागपत जिला जेल के अधीक्षक (प्रभारी) विपिन मिश्रा ने आज बताया कि शासन के आदेश पर दोपहर करीब दो बजे राठी को फतेहगढ़ जेल भेजा गया है। 

शासन ने शुक्रवार को राठी को बागपत जेल से स्थानान्तरित कर फतेहगढ़ जेल भेजे जाने का आदेश जारी कर दिया था। यह केंद्रीय कारागार उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में स्थित है। आज आदेश की प्रति मिलने के बाद जेल प्रशासन ने आदेश के अनुपालन में राठी को कड़े सुरक्षा घेरे में फतेहगढ़ जेल के लिए रवाना कर दिया। राठी के रवाना करने से पूर्व जेल प्रशासन द्वारा मामले को पूरी तरह गुप्त रखा गया। यही वजह रही कि कल देर रात तक जिला प्रशासन तथा जेल प्रशासन शासन के आदेशों को लेकर अंजान बना रहा।

मुन्ना बजरंगी हत्याकांड: तिहाड़ में लिखी गई थी बजरंगी की हत्या की इबारत

बागपत जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कुख्यात राठी पर आरोप है कि सोमवार सुबह उसने जेल के भीतर मुन्ना बजरंगी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सुरक्षा कारणों से एडीजी कारागार चंद्रप्रकाश ने राठी को किसी दूसरी जेल में भेजे जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने शुक्रवार को इस पर राठी को केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ भेजे जाने का निर्णय लिया। संयुक्त सचिव सूर्य प्रकाश सिंह सेंगर द्वारा प्रशासनिक आधार पर राठी के जेल स्थानान्तरण का आदेश जारी किया गया।

मुन्ना बजरंगी की हत्या से एक दिन पहले राठी के परिवार ने छोड़ा था गांव 

बागपत जेल में निरुद्ध राठी के कुछ करीबियों को भी दूसरी जेलों में स्थानान्तरित किए जाने की तैयारी है। हालांकि इस संबंध में जेल अधीक्षक ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें