ताजमहल पर कई घंटे बंदरों का कब्जा, प्रशासन दे रहा गजब सलाह, VIDEO हो रहा वायरल
ताजमहल पर बंदरों को रोकने के सारे प्रयास विफल साबित हो रहे हैं। बंदर आए दिन पर्यटकों को अपना निशाना बनाते रहते हैं। गुरुवार को तो बंदरों का ताजमहल पर कई घंटे तक कब्जा रहा। इस दौरान हर तरफ बंदर रहे।

इस खबर को सुनें
ताजमहल पर बंदरों को रोकने के सारे प्रयास विफल साबित हो रहे हैं। बंदर आए दिन पर्यटकों को अपना निशाना बनाते रहते हैं। गुरुवार को तो बंदरों का ताजमहल पर कई घंटे तक कब्जा रहा। बंदरों की टोलियां चमेली फर्श से लेकर मुख्य गुंबद तक उत्पात मचाती रहीं। इससे ताज का दीदार करने आए पर्यटक दहशत में रहे। इस बीच प्रशासन पर्यटकों को गजब सलाह दे रहा है। पर्यटकों से कहा जा रहा है कि बंदरों से दूर रहें। बंदरों के उत्पात का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है।
बंदरों के उत्पात को देखते हुए कई सैलानी तो मुख्य गुंबद तक गए ही नहीं। उन्होंने सेंट्रल टैंक से ही ताजमहल का दीदार कर लिया और वापस लौट गए। कई लोग तो डरते-डरते मुख्य गुंबद तक पहुंच तो गए, लेकिन वहां भी बंदरों की टोलियों के उत्पात को देखते हुए दहशत में दिखे। दिल्ली से आयीं पर्यटक सुधाकर ने बताया कि बंदरों के उत्पात के कारण यहां घूमने का मजा किरकिरा हो गया।
साथ में छोटे बच्चों के कारण उन्होंने मुख्य गुंबद तक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाई। कानपुर से आईं रूबिया ने कहा कि ताजमहल देखने तो उत्साह के साथ गए थे, लेकिन वहां हर तरफ बंदरों के झुंडों को देखा तो उत्साह ठंडा पड़ गया। जितनी देर स्मारक में रहे। इसी बात का डर सताता रहा कि कहीं बंदर काट न लें।
प्रशासन की सलाह, बंदरों से दूर रहें
बंदरों से पर्यटकों की सुरक्षा के सारे इंतजाम फेल होने क बाद अब उन्हें बताया जा रहा है कि वह बंदरों से दूर रहें। उनकी फोटो भी न खींचें। बता दें कि बंदरों को रोकने के लिए एएसआई ने कुछ सुरक्षाकर्मी भी लगाए थे, लेकिन उन्हें भी सफलता नहीं मिली। वहीं वन विभाग से अभी तक बंदरों को पकड़ने की अनुमति न मिल पाने के कारण नगर निगम का प्रोजेक्ट फाइलों तक ही सीमित रह गया है।
वहीं, पिछले कई दिनों से एक कुत्ता ताजमहल में उत्पात मचा रहा था। वह पागल हो गया था। कई पर्यटकों पर भी हमला कर चुका था। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने ताजमहल पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़ लिया।