
भदोही में नाबालिग लड़की का अपहरण, 10 दिनों तक रेप, आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश में भदोही जिले में नाबालिग लड़की का अपहरण कर 10 दिनों तक रेप करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता को मुक्त कराने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
भदोही जिले के कोइराना थाना अंतर्गत कॉलेज जा रही 17 वर्षीय एक किशोरी का अपहरण करके उसके साथ 10 दिनों तक रेप किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता को मुक्त कराने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोइराना थाना प्रभारी गीता राय ने बताया कि 18 दिसंबर की सुबह लड़की कॉलेज के लिए निकली, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। उन्होंने बताया कि परिजनों द्वारा किशोरी की तलाश करने पर वह नहीं मिली जिसके बाद किशोरी की मां ने 19 दिसंबर की शाम थाने में एक शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 363 के तहत एक मामला दर्ज किया गया और शनिवार को पुलिस ने प्रयागराज जिले के मांडा पुलिस थाना अंतर्गत एक गांव में एक घर में दबिश दी जहां किशोरी को बरामद किया गया।
राय ने बताया कि किशोरी का अपहरण करके उसके साथ कई दिनों तक दुष्कर्म करने के आरोप में राजेश दूबे (30) को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी में 376 के साथ ही पॉक्सो अधिनियम की धारा भी जोड़ी गई है। उन्होंने बताया कि किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण करा लिया गया है और नियमों के तहत आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रेप आरोपी गिफ्तार
वहीं मिर्जापुर में किशोरी को बहला-फुसला कर भगाने व दुष्कर्म के आरोपित को अदलहाट पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। एक दिसंबर को अदलहाट थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने नामजद अभियुक्त के विरूद्ध बहला-फुसला कर भगाने व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने अभियुक्त अदलहाट के रैपुरिया गांव निवासी शिव उर्फ शिवा साहनी को गिरफ्तार कर लिया।

लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।
और पढ़ें



