यूपी में बूथ से लेकर जिलों तक में बदलेंगे कई चेहरे, दिल्ली में बन रहा BJP में बदलाव का फॉर्मूला
यूपी में बदलाव का फार्मूला तय कराने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह गुरुवार को दिल्ली पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं संग मंथन किया।

इस खबर को सुनें
भाजपा में इसी महीने पार्टी संगठन में तमाम चेहरे बदल जाएंगे। संगठन में होने वाले बदलावों की कवायद शुरू हो गई है। यूपी में बदलाव का फार्मूला तय कराने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह गुरुवार को दिल्ली पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं संग मंथन किया। वहीं दूसरी ओर बूथ से लेकर जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर तक होने वाले बदलावों के लिए पार्टी नेताओं ने फील्डिंग सजाने का सिलसिला तेज कर दिया है।
भगवा खेमे ने सरकार और संगठन दोनों मोर्चों पर मिशन-2024 की तैयारी शुरू कर दी है। एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मंत्रियों को जिलों में मोर्चा संभालने का दायित्व सौंप दिया है। वहीं दूसरी ओर संगठन में बदलाव की कवायद भी अब तेज होने लगी है। पार्टी के विश्वस्त सूत्रों की मानें तो इसी महीने संगठन के पुर्नगठन का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसी सिलसिले में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन गुरुवार को दिल्ली में थे। खबर है कि संगठन में बदलाव का खाका तय करने को लेकर उनकी राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष संग लंबी चर्चा हुई।
प्रदेश महामंत्री बनने को सबसे ज्यादा कश्मकश
इधर, नई टीम में बने रहने और जगह बनाने के लिए भी जद्दोजहद की जा रही है। कुछ मौजूदा पदाधिकारी प्रमोशन चाहते हैं। सबसे ज्यादा कश्मकश प्रदेश महामंत्री पद को लेकर है। दरअसल, मौजूदा महामंत्रियों में से कई का बदलना लगभग तय माना जा रहा है। दो प्रदेश उपाध्यक्ष अब महामंत्री बनने की दौड़ में शामिल हैं। इनमें से एक के लिए प्रदेश सरकार के दो कद्दावर चेहरे फील्डिंग सजा रहे हैं।
पहले इन्हीं उपाध्यक्ष को एमएलसी बनवाने का भी प्रयास किया था। इनकी इच्छा अब सरकार का हिस्सा बन चुके जेपीएस राठौर का स्थान पाने की है। प्रदेश उपाध्यक्ष एके शर्मा भी मंत्री होने के नाते अब संगठन का हिस्सा नहीं रहेंगे। एक सजातीय प्रदेश मंत्री इस कोटे को भरना चाहते हैं। उनकी पहली च्वाइस तो प्रदेश महामंत्री बनने की है। ऐसा न होने पर वे उपाध्यक्ष पद पाना चाहते हैं। वहीं संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले एक प्रदेश मंत्री भी महामंत्री पद के दावेदार हैं।
अधिकांश क्षेत्रीय अध्यक्ष बदलेंगे
भाजपा ने सांगठनिक दृष्टि से प्रदेश को छह क्षेत्रों में बांट रखा है। शेषनारायण मिश्र के निधन के बाद से अवध क्षेत्र के अध्यक्ष का पद रिक्त चल रहा है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव और ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी काफी समय से अध्यक्ष हैं। यहां भी बदलाव होना है। गोरखपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सैंथवार का भी यह दूसरा कार्यकाल है। मुजफ्फर नगर में खतौली की हार के बाद पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल भी सेफ जोन में नहीं हैं। वहीं तीन दर्जन से अधिक जिलाध्यक्षों के भी बदले जाने की संभावना है।