योगी मंत्रिमंडल में होगा बदलाव, कई नेताओं का हो सकता है पत्ता साफ
प्रदेश मंत्रिमंडल का लंबे समय से प्रतीक्षित विस्तार सोमवार को सुबह 11 बजे होगा। राजभवन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दो साल 141 दिन बाद हो रहा यह भाजपा सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार होगा।...
प्रदेश मंत्रिमंडल का लंबे समय से प्रतीक्षित विस्तार सोमवार को सुबह 11 बजे होगा। राजभवन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दो साल 141 दिन बाद हो रहा यह भाजपा सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार होगा। विस्तार में आधा दर्जन नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। कुछ मंत्रियों का कद बढ़ सकता है तो वहीं कुछ मंत्रियों के विभाग में फेरबदल किया जा सकता है।
इन्हें मिल सकती है जगह
मंत्रिमंडल में जगह पाने वालों में मुख्य रूप से एमएलसी अशोक कटारिया, एमएलसी विद्या सागर सोनकर, सिद्धार्थनगर इटवा के विधायक सतीश द्विवेदी, देवरिया के श्रीराम चौहान व बुंदेलखंड से झांसी के रवि शर्मा के नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आरएलडी से भाजपा में आए सहेंद्र सिंह 'रमाला' व साहिबाबाद से सुनील शर्मा को जगह मिल सकती है। वहीं फर्रुखाबाद से सुशील कुमार शाक्य व सुनील दत्त द्विवेदी में से किसी एक को लिया जा सकता है।
इनका बढ़ सकता है कद
इसके इतर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डा. महेंद्र सिंह को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई जा सकती है। इसी के साथ विवादों में रहे कई मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किए जाने का भी फैसला किया गया है। कई मंत्री तबादले व विभागीय कार्यशैली को लेकर विवाद में रहे थे। उन्हें लेकर पार्टी व संगठन में नाराज़गी है। माना जा रहा है कि उन्हें हटाया जा सकता है।
अभी हैं 43 मंत्री हो सकते हैं 60
प्रदेश मंत्रिमंडल में अभी 43 मंत्री है। इसकी संख्या 60 तक हो सकती है। वैसे वर्ष 2017 में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद ही कई बार कयास लगाए जाते रहे कि विस्तार होगा। वजह थी कि पार्टी के कुछ पुराने वरिष्ठ नेताओं को चुनाव जीतने के बाद भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल सकी थी। मंत्रिमंडल में 45 जिलों का प्रतिनिधित्व नहीं था। इसके बाद लोकसभा चुनाव 2019 होने के बाद से यह संभावना जताई जा रही थी।
मुख्यमंत्री ने बुलाया चाय पर
प्रदेश सरकार की ओर से मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले नए चेहरों को रविवार की दोपहर सूचित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले विधायकों, एमएलसी व संगठन के पदाधिकारियों को 11 बजे से पहले चाय पर बुलाया है। इसके बाद उन्हें राजभवन में शपथ दिलाई जाएगी। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में करीब आधा दर्जन नए चेहरे होंगे। वहीं विस्तार से प्रभावित होने वालों में करीब एक दर्जन मंत्री हैं। कुछ को हटाया जा सकता है तो कुछ के विभाग में फेरबदल होने की संभावना है।