ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशअपनी ही सरकार में असुरक्षित भाजपा के लोग, नेता को गोलियों से भुना, चार दिन में दो नेताओं की हत्या

अपनी ही सरकार में असुरक्षित भाजपा के लोग, नेता को गोलियों से भुना, चार दिन में दो नेताओं की हत्या

 बेखौफ बदमाशों ने नगर पालिका सभासद एवं भाजपा नगर उपाध्यक्ष चौधरी धारा सिंह पर तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई हत्या पर गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस अफसरों के बीच नोकझोंक हुई।...

अपनी ही सरकार में असुरक्षित भाजपा के लोग, नेता को गोलियों से भुना, चार दिन में दो नेताओं की हत्या
हिन्दुस्तान टीम, देवबंद सहारनपुरSun, 13 Oct 2019 05:35 PM
ऐप पर पढ़ें

 बेखौफ बदमाशों ने नगर पालिका सभासद एवं भाजपा नगर उपाध्यक्ष चौधरी धारा सिंह पर तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई हत्या पर गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस अफसरों के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस दो घंटे की मशक्कत के बाद शव कब्जे में ले पाई। वारदात को लेकर विधायक ब्रजेश सिंह ने पुलिस के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर की। उधर, पुलिस ने दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।  

देवबंद के मोहल्ला कमला विहार निवासी धारा सिंह (47)  वार्ड छह से नगर पालिका के सभासद के साथ ही भाजपा के नगर उपाध्यक्ष भी थे।  धारा सिंह त्रिवेणी शुगर मिल में नौकरी करते थे। वह शनिवार को ड्यूटी पर जाने के लिए घर से 8.15 बजे घर से बाइक से निकले थे। जैसे ही 8.30 बजे धारा सिंह रणखंडी रेलवे फाटक के निकट पहुंचे। तभी पीछे से नकाबपोश बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक के बाद एक दो फायर झोंक दिए। जब वह इन दोनों फायरों से बच गए तो हमलावरों ने हथियार को सिर में सटाकर गोली मार दी। इसके बाद धारा सिंह नीचे गिर गए।  बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। उधर बदमाशों के जाने के बाद वहां से जा राहगीरों ने लहूलुहान हालत में धारा सिंह को देवबंद के सीएचसी पहुंचाया। वहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।  

उधर दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। विधायक कुंवर ब्रजेश सिंह, डीआईजी उपेन्द्र अग्रवाल, एसएसपी दिनेश कुमार पी., एसपी देहात विद्यासागर समेत तमाम पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उधर  जिला को-आपरेटिव बैंक के चेयरमैन चौधरी राजपाल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष डा. उपेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपाई और अन्य लोगों की अस्पताल में भीड़ उमड़ पड़ी।  पुलिस और प्रशासन के अफसरों को भाजपाइयो के साथ ही भीड़ के आक्रोश का सामना करना पड़ा। हालात यह रहे कि दो घंटे की मशक्कत के बाद अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए  भिजवाया। कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्र ने बताया कि मृतक भाजपा नेता के भतीजे मनोज की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दो हत्या अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

सीएम तक पहुंचा चार दिन में दो भाजपा नेताओं की हत्या का मामला

सहारनपुर में चार दिन में दो भाजपा नेता की हत्या ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। वहीं जिले की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं, लेकिन पुलिस जांच के नाम की बात कहकर खानापूर्ति कर रही है। उधर, जिला अध्यक्ष ने पूरे मामले से सीएम योगी आदित्यनाथ को अवगत करा दिया है। 

सहारनपुर पुलिस को बदमाशा दिनहाड़े हत्या कर खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। देवबंद के मिरगपुर में चार दिन पहले हुई भाजपा नेता यशपाल सिंह की हत्या की गुत्थी को पुलिस सुलझा भी नहीं पाई थी कि शनिवार को सुबह बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देते हुए भाजपा सभासद धारा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े भाजपा नेता की हत्या से पूरे जिले मे सनसनी फैल गई। वहीं अपनी ही सरकार में भाजपा के नेताओं को पुलिस के सामने आक्रोश जाहिर करना पड़ रहा है। बाइक सवार दिनहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस कार्रवाई के नाम पर केवल जांच की ही बात कर अपना पल्ला झाड़ रही है। आठ अक्टूबर को दिनदहाड़े भाजपा नेता यशपाल सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।  

अपनी ही सरकार में असुरक्षित 

आम लोगों की सुरक्षा का दम भरने वाले पुलिस भाजपा के नेताओं की सुरक्षा में ही फेल साबित हो गई। ऐसे में अंदाजा लगा लीजिए आम आदमी कितना सुरक्षित है। हालात ये है कि भाजपा नेताओं को अपनी सरकार में पुलिस के सामने आक्रोश दिखाना पड़ रहा है। चार दिन में हुई दो भाजपा नेताओं की हत्या ने सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए है और दूसरे नेताओं को भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें