ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशप्रोफाइल : जानें कौन हैं जम्मू-कश्मीर के नए उप राज्यपाल मनोज सिन्हा

प्रोफाइल : जानें कौन हैं जम्मू-कश्मीर के नए उप राज्यपाल मनोज सिन्हा

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता मनोज सिन्हा अब जम्मू और कश्मीर के नए उप राज्यपाल होंगे। बुधवार शाम को गिरीश चंद्र मुर्मू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अब गुरुवार सुबह...

प्रोफाइल : जानें कौन हैं जम्मू-कश्मीर के नए उप राज्यपाल मनोज सिन्हा
हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीThu, 06 Aug 2020 08:13 AM
ऐप पर पढ़ें

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता मनोज सिन्हा अब जम्मू और कश्मीर के नए उप राज्यपाल होंगे। बुधवार शाम को गिरीश चंद्र मुर्मू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अब गुरुवार सुबह राष्ट्रपति भवन की ओर से मनोज सिन्हा की नियुक्ति का ऐलान किया गया है। आपको बता दें कि 5 अगस्त को ही जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटे एक साल पूरा हुआ है, इसी बीच बुधवार शाम को अचानक जीसी मुर्मू के इस्तीफे की खबर आई थी। मुर्मू का इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है।

आपकों बता दें कि मनोज सिन्हा भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता हैं। वह पूर्व में गाजीपुर से सांसद रहे हैं और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के बड़े चेहरे हैं। हालांकि, 2019 का लोकसभा चुनाव वो हार गए थे। यही वजह है कि इस बार उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली थी। हालांकि, मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में मनोज सिन्हा मंत्री रह चुके हैं और उनके पास रेलवे के राज्यमंत्री और संचार राज्यमंत्री का कार्यभार था।

मनोज सिन्हा का प्रारंभिक जीवन और शिक्षा
मनोज सिन्हा का जन्म 1 जुलाई, 1959 को मोहनपुरा (गाजीपुर, उत्तर प्रदेश) में हुआ था। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक और एमटेक किया। वे बीएचयू के विद्यार्थी संघ के अध्यक्ष भी थे।

राजनीतिक जीवन
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के छात्र संघ का अध्यक्ष बनने के साथ ही 1982 से उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत हुई। वह 1996 में पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए और उन्होंने 1999 में दोबारा जीत हासिल की। सिन्हा 1989 से 1996 तक भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य रहे। वह 2014 में लोकसभा चुनाव में भाजपा के सत्ता में आने पर तीसरी बार निचले सदन के लिए चुने गए। वह रेल राज्य मंत्री रहे हैं और बाद में उन्हें संचार मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार भी सौंपा गया था।

गाजीपुर के विकास के लिए जाने जाते हैं मनोज सिन्हा
केंद्रीय मंत्री की हैसियत से पहुंच का इस्तेमाल करने के साथ ही संचार विभाग का स्वतंत्र प्रभार और रेल राज्यमंत्री का पद संभालने के अलावा गाजीपुर के लोग उन्हें विकास के लिए जानते हैं। अब वह केवल गाजीपुर ही नहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भाजपा के मजबूत स्तंभ के रूप में स्थापित हो चुके हैं।

निजी जीवन
1 मई 1977 को मनोज सिन्हा ने भागलपुर (बिहार) की नीलम सिन्हा से शादी की थी। मनोज सिन्हा की एक बेटी है जिसकी शादी हो चुकी है ,और एक बेटा है जो एक टेलेकॉम कंपनी में काम कर रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें